अस्वीकरण (disclaimer): इस लेख में प्रदान की गई जानकारी की कोई गारंटी नहीं है, यह जैसी है वैसी ही दी जा रही है। यहाँ मौजूद जानकारी को प्रयोग अपनी ज़िम्मेदारी पर करें। किसी भी नुकसान के लिए लेखक की कोई ज़िम्मेदारी नहीं होगी।
अभी हाल ही में चिट्ठाकार गूगल समूह में एन्टीवॉयरस पर चर्चा का गर्म दौर रहा जिस दौरान फोकट के एन्टीवॉयरस जुगाड़ों के बारे में भी बात हुई और कौन सा अच्छा है कौन सा बेकार इस पर भी चर्चा हुई। लगभग ढ़ाई वर्ष पहले मैंने डिजिट ब्लॉग पर इंटरनेट पर सुरक्षित विचरण के लिए सरवाइविंग ऑनलाईन (surviving online) नाम से तीन भाग की एक शृंखला लिखी थी जिसमें स्पैम (spam), फिशिंग (phishing), वॉयरस (virus) आदि पर और उनसे बचने के जुगाड़ों के विषय में लिखा था; इसके तीनों भाग आप यहाँ पढ़ सकते हैं – भाग 1, भाग 2 और भाग 3 (तीनों अंग्रेज़ी में हैं)। वह शृंखला ज्ञानवर्धन के उद्देश्य से लिखी गई थी इसलिए उसमें मुख्यतः वैसी ही जानकारी है, फोकट के जुगाड़ों का भी उल्लेख है लेकिन मुख्य फोकस वे नहीं थे।
तो चिट्ठाकार समूह में हुई हाल ही की चर्चा से मन में आया कि बिल्लू दी खिड़की यानी माइक्रोसॉफ़्ट विन्डोज़ (Microsoft Windows) के लिए फोकट के एन्टीवॉयरस जुगाड़ों पर एक पोस्ट ठेल दी जाए ताकि लोग बाग़ वॉयरस नाम की टेन्शन से दूर रहें।
वैसे तो फोकट के छोटे-बड़े नए-पुराने एन्टीवॉयरस सॉफ़्टवेयर कई हैं लेकिन यहाँ मैं मुख्यतः सिर्फ़ 6 एन्टीवॉयरस सॉफ़्टवेयरों को सूचिबद्ध कर रहा हूँ। तो देखते हैं कौन-२ से योद्धा मैदान में हैं (किसी खास क्रम में नहीं):
- अवास्ट होम एडिशन (avast! 4 Home Edition): यह गैर व्यापारिक और निजी प्रयोग (non-commercial & personal use) के लिए मुफ़्त है, इसको प्रयोग करने की ये दोनों शर्ते माननी आवश्यक हैं। इस मुफ़्त वर्ज़न का 60 दिन का ट्रायल मिलता है, इसके लिए फोकट में लाइसेन्स इसकी वेबसाइट पर रजिस्टर करने से मिल जाता है जो कि एक वर्ष के लिए होता है, एक वर्ष की अवधि के बाद आप पुनः फोकट में लाइसेन्स प्राप्त कर सकते हैं। यह आपको रियल-टाइम (real-time) सुरक्षा देता है, यानि कि यदि कोई वॉयरस संक्रमित फाइल जैसे ही आपकी हार्ड-डिस्क पर आएगी यह तुरंत ही उसको पकड़ लेगा। यह पॉप3/आईमैप (POP3/IMAP) ईमेल और चैट सॉफ़्टवेयरों से आने वाले वॉयरसों से भी सुरक्षा देता है। कंप्यूटर के रिसोर्स अधिक नहीं खाता। सुन्दर दिखने के लिए इसके पास थीम का जुगाड़ है और इसकी वेबसाइट से आप कई सारी थीम फोकट में डाउनलोड कर सकते हैं।
- एवीजी एन्टीवॉयरस फ्री एडिशन (AVG Anti-Virus Free Edition): यह एक हल्का और कम रिसोर्स खाने वाला फोकट एन्टीवॉयरस सॉफ़्टवेयर है। यह भी आपको रियल-टाइम (real-time) सुरक्षा और ऑटोमैटिक अपडेट की सुविधा देता है। एक अच्छा जुगाड़ लेकिन ज़ाती तौर पर मुझे खास पसंद नहीं।
- अवीरा एन्टीवीर पर्सनल (Avira AntiVir Personal – Free Antivirus): यह फोकटी एन्टी-वॉयरस आपको वॉयरसों, वॉर्म्स (worms) और ट्रोजन्स (trojans) से तो सुरक्षा प्रदान करता ही है, साथ ही यह फिशिंग (phishing) और रुटकिट्स (rootkits) से भी सुरक्षा प्रदान करता है। कंप्यूटर रिसोर्स थोड़े अधिक खाता है और पॉप3/आईमैप (POP3/IMAP) ईमेल तथा चैट सॉफ़्टवेयरों से आने वाले वॉयरसों से सुरक्षा नहीं प्रदान करता।
- क्लैमविन (ClamWin): यूनिक्स/लिनक्स (Unix/Linux) के लिए क्लैमएवी (ClamAV) नाम के फोकटी एन्टीवॉयरस सॉफ़्टवेयर का यह वर्ज़न बिल्लू दी खिड़की यानि कि माइक्रोसॉफ़्ट विन्डोज़ (Microsoft Windows) के लिए है। यह फोकटी एन्टीवॉयरस सॉफ़्टवेयर पूरी तरह फोकटी है और आप इसको जिस मर्ज़ी जगह प्रयोग कर सकते हैं, अपने निजि उपयोग के लिए और व्यवसायी उपयोग के लिए भी। यह मेरे ख्याल से अकेला मुक्त स्रोत (open source) एन्टीवॉयरस सॉफ़्टवेयर। जीएनयू जीपीएल (GNU GPL) के अंतर्गत लाइसेन्सड यह सॉफ़्टवेयर बाकी खिलाड़ियों जितना शक्तिशाली तो नहीं है लेकिन एक अच्छा विकल्प है। इस पर काफ़ी समय से मेरी नज़र है और समय के साथ इसमें कई सुविधाएँ जुड़ी हैं। यह बिलकुल हल्का सॉफ़्टबेयर है और रिसोर्स अधिक नहीं चूसता।
- कोमोडो एन्टीवॉयरस (Comodo AntiVirus): यह एक अच्छा फोकटी एन्टीवॉयरस है जिसमें सुविधाओं की कमी नहीं है। ऑटोमैटिक अपडेट से लेकर रियल टाइम सुरक्षा आदि सभी यह प्रदान करता है, वॉर्म्स आदि से भी सुरक्षा प्रदान करत है और आपको स्कैन स्केड्यूल (scan schedule) भी करने देता है जिससे आप एक निश्चित तिथि और समय सैट कर सकते हैं जब यह अपने आप आपके कंप्यूटर को स्कैन करेगा। ईमेल स्कैन करने की सुविधा भी इसमें है, चैट स्कैन करने की भी होती तो और बेहतर होता, कंप्यूटर रिसोर्स पर भी यह भारी नहीं है।
- थ्रेटफॉयर (ThreatFire): भूतकाल में साइबरहॉक (CyberHawk) के नाम से प्रचलित यह एक अन्य फोकटी एन्टीवॉयरस सॉफ़्टवेयर है जो ज़रा हट के है। क्या हट के है? अन्य एन्टीवॉयरस सॉफ़्टवेयरों की तरह यह पूर्व-ज्ञात वॉयरस सिग्नेचर/डेफिनिशन फाईलों पर ही नहीं टिका रहता बल्कि निरंतर कंप्यूटर पर नज़र रखता है कि कहीं कोई संदेहास्पद गतिविधि तो नहीं हो रही। इसकी इसी खूबी के कारण यह ज़ीरो-डे (Zero Day) सुरक्षा भी देता है, यानि कि उन वॉयरस और मालवेयर (malware) से सुरक्षा जो एकदम नए-ताज़े मैदान में आते हैं और जिनका तुरंत कोई उपाय उपलब्ध नहीं होता। कंप्यूटर रिसोर्स पर भी यह काफ़ी हल्का है, ज्ञात और अज्ञात दोनों ही खतरों और रुटकिट्स (rootkits) से सुरक्षा प्रदान करता है तथा यह दूसरे एन्टीवॉयरस सॉफ़्टवेयरों के साथ भी काम करता है यानि कि यदि आप पहले से कोई एन्टीवॉयरस सॉफ़्टवेयर प्रयोग कर रहे हैं तो उसको हटाने की आवश्यकता नहीं है। यह घुटे हुए तकनीकी प्रयोक्ताओं के लिए एडवांस्ड कॉन्फिगुरेशन (configuration) और कस्टम रूल सैटिंग (custom rule setting) की भी सुविधा देता है। इसको बनाने वाली कंपनी फोकट में ईमेल और वेब हैल्प डेस्क (help desk) द्वारा सपोर्ट भी देती है।
इन 6 फोकट एन्टीवॉयरस सॉफ़्टवेयरों की कुछ सुविधाओं की तुलना निम्न है:

इनके अतिरिक्त भी निम्न फोकटी एन्टीवॉयरस सॉफ़्टवेयर हैं जिनको आप विकल्प के तौर पर देख सकते हैं:
- पीसी टूल्स एन्टीवॉयरस फ्री एडिशन (PC Tools AntiVirus Free Edition): यह भी एक फोकटी एन्टीवॉयरस सॉफ़्टवेयर है जो कि आपको कई सुविधाएँ प्रदान करता है जिनमें ऑटोमैटिक अपडेट और रियल टाइम सुरक्षा शामिल हैं।
- बिटडिफेन्डर फ्री एडिशन (BitDefender Free Edition): यह भी एक कमर्शियल सॉफ़्टवेयर का फोकटी वर्ज़न है। साज-सज्जा आदि से प्रोफेशनल सॉफ़्टवेयर की झलक मिलती है लेकिन सुविधाओं के मामले में यह फोकटी वर्ज़न कुछ खास नहीं है।
आशा है कि बिल्लू दी खिड़की यानि कि माइक्रोसॉफ़्ट विन्डोज़ (Microsoft Windows) प्रयोग करने वाले लोगों के लिए यह सूचि लाभकारी रहेगी। यदि आपने इनमें से किसी एन्टीवॉयरस सॉफ़्टवेयर या किसी अन्य फोकटी एन्टीवॉयरस सॉफ़्टवेयर को प्रयोग किया है तो अपने अनुभव यहाँ अवश्य बाँटें।



23 Comments
संजय बेंगाणी
avg से avast पर गए. अब थ्रेडफ्री को आजमायें क्या?
अरूण
मित हम अज्ञानियो के सामने इतने व्यंजन मत रखो,बस चुपचाप ये बताओ कौन सा मुफ़ती सबसे अच्छा है..
रवि
मैं तो पिछले कोई दो वर्षों से अवास्त प्रयोग कर रहा हूँ, और यह सात स्तरीय बढ़िया सुरक्षा प्रदान कर रहा है. जीरो डे सुरक्षा की बात ललचाती है, परंतु फिर जब तक अवास्त कोई समस्या नहीं देता, थ्रेटफ़ॉयर आजमाने में कोई तुक नहीं दीखती…
Zakir Ali ‘Rajneesh’
बहुत काम की जानकारी दी है। बधाई।
amit
संजय भाई और रवि जी, आपने थ्रेटफॉयर के बारे में जो मैंने लिखा है वह ठीक से पढ़ा नहीं। थ्रेटफॉयर को प्रयोग करने के लिए आपको अपना मौजूदा एन्टीवॉयरस हटाने की आवश्यकता नहीं है, यह आपके मौजूदा एन्टीवॉयरस के साथ बखूबी काम कर सकता है। तो इसलिए इसको लगाना चाहते हैं तो लगा लीजिए।
अरुण जी, “अच्छा” तो देशकाल और व्यक्ति के अनुसार अलग-२ होता है। वैसे यदि राय ही चाहते हैं तो मैं सुझाव दूँगा कि आप अवास्ट तथा थ्रेटफॉयर दोनों लगा लें।
और साथ ही पोस्ट की शुरुआत में मौजूद डिसक्लेमर भी पढ़ लें।
jitendra
deep freeze software is the best solution of virus problem. it not only provide security against virus but also make ur system fresh at every restart. no need of any anti virus software.
संजय बेंगाणी
लो अब जितुभाई नया ले आये..
deep freeze फोकट का है ना?
amit
जीतेन्द्र जी, डीप-फ्रीज़ वॉयरस का हल नहीं है। यदि आप कोई सॉफ़्टवेयर आदि इंस्टॉल करते हैं या विन्डोज़ की कॉन्फिगुरेशन में कोई बदलाव करते हैं तो आपको दोबारा फ्रीज़ करना पड़ेगा नहीं तो अगले रीस्टार्ट पर वह सब उड़ जाएगा। दूसरी बात, वॉयरस आदि अधिकतर बिना इंस्टॉल हुए ही वाट लगाते हैं, तो उस केस में यदि कोई वॉयरस आपके किसी दूसरे पार्टीशन में घुस गया तो वह वहाँ से चल सिस्टम की वाट लगा सकता है। अब यदि आप कहते हैं कि पूरी हार्ड-डिस्क को ही फ्रीज़ कर रीस्टार्ट पर उसको रीस्टोर किया जाए तो यह बचकानी बात होगी क्योंकि यह खामखा की सिरदर्दी(कोई भी फाइल बदलने आदि पर पुनः फ्रीज़) वाला काम तो होगा ही, हार्ड-डिस्क की भी वाट लगाएगा बारंबार ये सब करने से और प्रैक्टिकल तो बिलकुल नहीं है क्योंकि वॉयरस बड़े ही आराम से इस तरीके की वाट लगा सकता है। और फिर यदि यही करना है तो डीपफ्रीज़ काहे इस्तेमाल करें, यह काम तो विन्डोज़ सिस्टम-रीस्टोर भी कर सकता है जो कि विन्डोज़ एक्सपी के साथ लगा हुआ आता है।
संजय भाई, ये कोई और जीतेन्द्र हैं न कि अपने वाले जीतू भाई।
और यह डीप-फ्रीज़ वॉयरस से बचने का कोई तरीका नहीं है, बेकार की बात है। और नहीं, यह फोकटी भी नहीं है, परन्तु आप इसे सिर्फ़ $53.10 में खरीद सकते हैं!!
सागर नाहर
मैं समूह में एक बात कहना भूल गया था कि मेरे कॉफे में अभी भी पाँच सिस्टम पर Avast लगा हुआ है और पाँचो में फिलहाल Task Managar गायब हो चुका है। वैसे आपके लेख को पढ़ने के बाद लगता है एक बार क्लैम विन को भी आजमा कर देखना चाहिये.. यह भी काम नहीं करेगा तो अंतिम शरण नोर्टन २००८ की है परन्तु वह तो खरीदना पड़ेगा।
amit
सागर जी, आपके जिन कंप्यूटरों में अवास्ट लगा रखा है उन सभी पर से उसको हटाने का प्रयास किया तो उसके बाद ही आपका टास्क मैनेजर गायब हुआ या पहले से ही है?
क्लैमविन को आज़मा सकते हैं लेकिन वह अपने आप किसी वॉयरस को नहीं पकड़ेगा, आपको कंप्यूटर नियमित स्कैन करना होगा यह जाँचने के लिए कि कहीं कोई वॉयरस आदि तो नहीं आ गया।
सागर नाहर
सागर जी, आपके जिन कंप्यूटरों में अवास्ट लगा रखा है उन सभी पर से उसको हटाने का प्रयास किया तो उसके बाद ही आपका टास्क मैनेजर गायब हुआ या पहले से ही है?
avast इन्स्टाल करने के बाद, कई दिनों तक तो जरूरत नहीं पड़ी Task Manager की इसलिये पता नहीं चला एक दिन देखा तो सब में से गायब हो चुका था। मैने Avast इन्स्टाल फॉरमेट करने के तुरंत बाद install किया था। यानि पहले से तो होने का सवाल ही नहीं।
क्लैमविन को आज़मा सकते हैं लेकिन वह अपने आप किसी वॉयरस को नहीं पकड़ेगा, आपको कंप्यूटर नियमित स्कैन करना होगा यह जाँचने के लिए कि कहीं कोई वॉयरस आदि तो नहीं आ गया।
तब तो कोई फायदा ही नहीं ऐसे तो दर्जनों एन्टीवायरस हैं जो बताते तो हैं पर उन्हें डिलीट नहीं करते। आज एक कम्प्यूटर में ट्रायल के लिये Kaspersky Anti-Virus 7.0.0.12 इन्स्टाल किया है और अभी स्कैन चल रहा है पर मुझे उससे भी कोई उम्मीद नहीं लगती क्यों कि 97% स्कैन हो जाने के बाद अभी तक एक भी वायरस को नहीं पकड़ा।
amit
अवास्ट के कारण ही आपका टास्क मैनेजर उड़ा यह आप कैसे कह सकते हैं? किसी अन्य कारण से भी गायब हो सकता है। मैंने कहीं पढ़ा था रजिस्ट्री की एक कुन्जी(key) के बारे में जिसकी वैल्यू बदल टास्क-मैनेजर आदि को गायब किया जा सकता है। यदि गायब उस तरीके से हुआ है तो वापस भी लाया जा सकता है। रवि जी को लीजिए, वे दो वर्ष से अवास्ट प्रयोग कर रहे हैं लेकिन उनको तो कोई दिक्कत नहीं आई, ना ही मेरे एक मित्र को आई जो इसको काफ़ी समय से प्रयोग कर रहा है।
अरे यह मैंने कब कहा कि वह वॉयरस हटाएगा नहीं? यह मुफ़्त और ओपन सोर्स सॉफ़्टवेयर है इसलिए कोई ट्रायल नहीं है। मैंने तो सिर्फ़ यह कहा कि यह अपने आप नहीं जानेगा कि आपके कंप्यूटर में कोई वॉयरस आ गया है क्योंकि इसमें रियल-टाइम स्कैनर नहीं है। हाँ यदि आप इसको कंप्यूटर स्कैन करने के लिए बोलते हैं तो यदि कोई वॉयरस हुआ तो यह पकड़ उसको साफ़ कर सकता है।
MEET
जानकारी के लिए धन्यवाद.
jitendra (not yours jitubhai )
there is another comment by mr. sagar regarding of removal of task manager i experience this problem many a times, its all happens because of virus. it not only removes your task manager but also you are not able to run msconfig, sfc, regedit utilities, and also some time not been able to set you default homepage and you cant even delete and reset these problem by using safe mode.
thanks looking for some more comment. i am enjoying this ok bye take care
amit
जीतेन्द्र जी, जैसा कि मैंने अपनी पिछली टिप्पणी में आपकी टिप्पणी का उत्तर देते हुए लिखा था, डीप-फ्रीज़ वॉयरस का समाधान नहीं है। यदि वह आपकी “c:” ड्राइव में रहने की जगह किसी दूसरे पार्टीशन में बैठा है जहाँ आपने फ्रीज़ नहीं किया है तो अगले रीस्टार्ट में जब आप उस हिस्से में किसी फाइल को ऐक्सेस करेंगे वह पुनः आपके कंप्यूटर को संक्रमित कर देगा, आप पुनः रीस्टार्ट करेंगे और वह पुनः कर देगा।
jitendra
Dear MR. Amit its easy to format D:/ or other drive rather than c:/
अंकुर गुप्ता
बढिया जानकारी! कमोडो के फ़्री एंटीवायरस के बारे में पहली बार पता चला.
amit
जीतेन्द्र जी, ड्राइव फॉर्मेट करना आसान है, आपके लिए कदाचित् और भी आसान हो यदि आपके पास ऐसा कोई डाटा नहीं है जो महत्वपूर्ण हो, परन्तु मेरे जैसे व्यक्ति के लिए कई गीगाबाइट के डाटा को खोना कयामत से कम नहीं। यदि बैकअप की बात करें तो पहली बात तो यह कि कई गीगाबाइट के डाटा को बारंबार बैकअप लेना मज़ाक नहीं, दूसरी बात यह कि बैकअप लेते समय वॉयरस भी उसमें आ जाएगा और वापस रीस्टोर करते समय पुनः स्थापित हो जाएगा, और तीसरी बात यह कि बारंबार फॉर्मेट करने से हार्डडिस्क की वाट लगती है और उसकी उम्र काफ़ी कम हो जाती है!!
धन्यवाद अंकुर, मुझे भी इन सभी एन्टी-वॉयरस सॉफ़्टवेयरों का नहीं पता था। थ्रेटफॉयर मेरे लिए नया नाम था जिसको यह पोस्ट लिखने से पहले की गई रिसर्च के दौरान पाया।
प्रभात टन्डन
मै तो पहले AVG का प्रयोग करता रहा लेकिन इधर एक साल से avast पर निर्भर हूँ और लगभग काफ़ी सन्तुष्ट भी , हाँ , avast की resident protection को मै high पर ही रखता हूँ जिससे मुझे standard protection को देखते हुये अधिक safe लगता है ।
amit jain
सागर भाई आप का जो taskmanage खो गया है उस के लिए आप RRT v.1.00। softwere को use करे / आप बिना फॉर्मेट के ही पा ले गे
satya narayan
Dear Amit Ji, i am using Windows Vista, so can i use any of the above anti virus in vista
amit
सत्य नारायण जी
ऊपर बताए गए सभी आठ एन्टीवॉयरस सॉफ़्टवेयरों में से अवीरा एन्टीवीर पर्सनल, कोमोडो एन्टीवॉयरस और थ्रेटफॉयर में से किसी की वेबसाइट पर विन्डोज़ विस्टा (Windows Vista) पर चलने या न चलने के बारे में कुछ नहीं लिखा है इसलिए इस बारे में मैं कुछ कह नहीं सकता।
ऊपर सूचि में मौजूद बिटडिफेन्डर फ्री एडिशन विन्डोज़ विस्टा पर नहीं चलेगा क्योंकि उसकी अधिकारिक वेबसाइट के अनुसार वह विन्डोज़ 98 से विन्डोज़ एक्सपी तक के ऑपरेटिंग सिस्टम पर ही चल सकता है।
असेम्बल्ड कंप्यूटर ब्रांडिड कंप्यूटर से बेहतर क्यों….. – diGit Blog | हिन्दी
[...] के कंप्यूटर से हटा दिया। उसके बाद अवास्ट एन्टीवॉयरस उनके कंप्यूटर पर स्थापित कर दिया और [...]