रीमा को किसी ने टैग किया और बदले में रीमा ने मेरे को टैग कर दिया। यह मामला काफ़ी रोचक लगा, अन्य टैग जो मिलते हैं उनके समान गंभीर सा नहीं था इसलिए ले लिया और यहाँ निभा रहा हूँ। 🙂

प्रश्न रोचक हैं, उत्तर और अधिक रोचक होने की संभावना दिखी, इसलिए जितनी रोचकता तुरत फुरत डिब्बे में से निकल सकती थी निकाल के उत्तरों में डाल दी, स्टॉक खत्म हो गया, पंसारी की दुकान पर जाकर और लाना होगा, तो उसका स्वाद आगे, पहले इसको निपटा लें! 😀

प्रश्न: आज जब आईने में पहली बार अपने को देखा तो मन में पहला विचार क्या आया?
उत्तर: वही जो हर बार आता है, कि आईना अवश्य जादुई है, इतनी बार उसमें अपना दीदार करने पर भी अभी तक टूटा नहीं! 😀

प्रश्न: अभी इस समय बटुए में कितना रोकड़ा है?
उत्तर: 1 x 500 + 3 x 100 + 2 x 20 + 7 x 10 + 2 x 5 + 4 x 1 = 924
यानि कि नौ सौ चौबीस रूपए हैं, फिलहाल!

प्रश्न: किस शब्द की ध्वनि की तुक (rhyme) “द्वार” से मिलती है?
उत्तर: बीमार

प्रश्न: अपने मोबाइल फोन पर कौन सी मनपसंद रिंगटोन लगा रखी है?
उत्तर: रोजा ऽऽ जानेमन ऽऽ तू ही मेरा दिल, तुझ बिन तरसे नैना ऽऽ 😀

प्रश्न: आपके मोबाइल फोन की मिस्ड कॉल (missed call) सूचि में चौथा नंबर किसका है?
उत्तर: अज्ञात नंबर, पता नहीं किसका था, दोबारा आएगा तो पता चलेगा।

प्रश्न: अभी आपने क्या पहन रखा है?
उत्तर: एक टक्सीडो (tuxedo)! ही ही ही!! 😀 नहीं, साधारण कपड़े ही पहन रखे हैं!

प्रश्न: अपने आप को आप कौन से अलंकार प्रायः देते हैं?
उत्तर: मैं प्रायः अपने को बुद्धिमान, मज़ाकिया/विनोदी स्वभाव, इंटेलैक्चुअल (intellectual) आदि जैसे अलंकारों से नवाज़ा गया समझता हूँ! 😉

प्रश्न: कौन सी ब्रांड के जूते आपके पास इस समय हैं?
उत्तर: इस समय तो रीबॉक (Reebok) के हैक्स राईड (Hex Ride) वाले जूते पहन रखे हैं। एक जोड़ी लोकल ब्रांड के मोटे मज़बूत सोल वाले जूते (कैंपिंग/ट्रेकिंग आदि के लिए उपयुक्त), एक जोड़ी लोकल ब्रांड वाले स्पोर्ट्स शूज़ और एक जोड़ी कस्टम मेड (custom made) लैदर के जूते रखे हुए हैं। बस फिलहाल इतने ही हैं! 😀

प्रश्न: अंधेरा कमरा या उजाले से भरा कमरा?
उत्तर: फिल्म रोल वाला कैमरा मैं प्रयोग नहीं करता इसलिए डार्क रूम का क्या करना! उजाले वाला कमरा ही ठीक है।

प्रश्न: आपसे पहले इस सर्वे को लेने वाले व्यक्ति के बारे में आप क्या सोचते हैं?
उत्तर: मज़ाकिया स्वभाव है, बढ़िया उत्तर दिए हैं, प्रयास है कि मैं और भी बढ़िया उत्तर दे पाऊँ!! 😀

प्रश्न: आपकी घड़ी कैसी लगती है?
उत्तर: कैसिओ (Casio) की पाथफाईन्डर (Pathfinder) सीरीज़ की ट्रिपल सेन्सर (Triple Sensor) घड़ी – मॉडल नंबर PAG40-3V (अधिक जानकारी के लिए यहाँ देखें)


प्रश्न: पिछली रात मध्यरात्रि आप क्या कर रहे थे?
उत्तर: द सीक्रेट ऑफ़ एक्सकैलिबर (The Secret of Excalibur) नाम का उपन्यास पढ़ रहे थे, कवर का चित्र दाएँ लगा हुआ है। (अधिक जानकारी यहाँ प्राप्त करें)

प्रश्न: आपके मोबाइल पर आए नवीनतम लघु संदेश में क्या लिखा है?
उत्तर: किसी स्पैमर का लघु संदेश था जिसमें वह किसी ट्रेनिंग की बात कर रहा था जिसके द्वारा व्यक्ति घर बैठे तीस हज़ार रूपए माहवार कमा सकता है।

प्रश्न: कौन सा शब्द है जो आप प्रायः कहते हैं?
उत्तर: हम्म….. कदाचित्‌ / शायद

प्रश्न: आपको आखिरी बार किसने कहा था कि वह आपको प्यार करता/करती है? ( कृपया पति/पत्नी, परिवार और बच्चों को न गिनें )
उत्तर: मैंने स्वयं ही अपने को कहा था। रोज़ाना कहता हूँ। क्यों? यदि आप स्वयं अपने को प्यार नहीं करेंगे, यदि स्वयं अपनी इज़्ज़त नहीं करेंगे तो किसी अन्य से ऐसी अपेक्षा कैसे रख सकते हैं? यह नार्सिसिज़्म (narcissism) नहीं है।

प्रश्न: आपने आखिरी बार किस रोएँदार (furry) चीज़ को छुआ था?
उत्तर: हम्म….. चेहरे पर मौजूद अपनी तीन सप्ताह की बढ़ी हुई दाढ़ी को! 😀

प्रश्न: कौन सी पसंदीदा उम्र रही है?
उत्तर: अभी आई भी नहीं और अभी बीती भी नहीं, हर लम्हा एक उम्र जीने का एहसास हो ऐसी तमन्ना है! 🙂

प्रश्न: किसी व्यक्ति से आपने आखिरी बार क्या कहा था?
उत्तर: “आईसक्रीम दे दो” – यह कल रात माता जी से कहा था! 😀

प्रश्न: आपने आखिरी गाना कौन सा सुना था?
उत्तर: पंडित जसराज की आवाज़ में राग पुरिया (ध्रुवपाद) में गाया गीत “सुमिरन हरि का” – एल्बम का नाम “मियां तानसेन” 🙂

प्रश्न: सन्‌ 1987 में आप कहाँ रहते थे?
उत्तर: यहीं दिल्ली में।

जीना यहाँ मरना यहाँ, इसके सिवा जाना कहाँ ऽ
जी चाहे जब हमको आवाज़ दो
हम हैं वहीं, हम थे जहाँ ऽ
अपने यहीं दोनो जहाँ
इसके सिवा जाना कहाँ ऽ

प्रश्न: क्या आप किसी से ईर्ष्या करते हैं?
उत्तर: ईर्ष्या करके क्या लाभ? ईर्ष्या व्यक्ति को अंधा करती है और दर्द देती है। और जैसा कि महान जेडाई योडा ने कहा था; दर्द पीड़ा देता है, और पीड़ा का मार्ग अंधेरे की ओर ले जाता है। 🙂

प्रश्न: क्या आपसे कोई ईर्ष्या करता है?
उत्तर: कोई करता होगा तो वह बताएगा क्या? वैसे ज्ञान जी यदा कदा मज़ाक में कहते रहते हैं कि वे इस ब्लॉग पर ईर्ष्या करने आते हैं, ही ही ही! 😀

प्रश्न: कौन सी तीन चीज़ें आप सदैव साथ रखते हैं?
उत्तर: बुद्धि, निश्चय, भय

प्रश्न: आपका पसंदीदा शहर कौन सा है?
उत्तर: दिल्ली

प्रश्न: आखिरी बार आपने कब कागज़ पर चिट्ठी लिख किसी को भेजी थी?
उत्तर: अभी कुछ ही दिन पहले, बैंक वालों को भेजी है!! 😀

प्रश्न: क्या आप गाड़ी में तेल बदल सकते हैं?
उत्तर: नहीं, यदि सब कुछ स्वयं करने लग जाएँ तो बेचारे सर्विस स्टेशन वाले क्या करेंगे!! 😉

प्रश्न: आपका पहला प्यार/क्रश (crush); आपने उसके विषय में आखिरी बात क्या सुनी थी?
उत्तर: यही कि साऊथ कैम्पस के किसी कॉलेज में उसका दाखिला हो गया है! उसके बाद से नॉट बीन इन टच यू सी!

प्रश्न: क्या आपके शरीर पर अभी कुछ दुख रहा है?
उत्तर: हाँ, हाथ और ऊँगलियाँ दुख रही हैं, यह प्रश्नोत्तरी बहुत बड़ी लग रही है, शुक्र है कि अब समाप्ति के निकट है!! 😀

प्रश्न: आपके कंप्यूटर डेस्कटॉप पर अभी कौन सा फोटो/वॉलपेपर लगा है?
उत्तर: आईस एज: डाएनासोरों का उदय (Ice Age: Dawn of the Dinosaurs) फिल्म में मेरे पसंदीदा किरदार डिएगो (Diego) का वॉलपेपर (wallpaper) लगा है। आपको भी चाहिए तो यहाँ से प्राप्त करें और इस फिल्म के अन्य वॉलपेपर ऑफिशियल वेबसाइट से यहाँ से प्राप्त करें

प्रश्न: क्या आपको प्रेम में किसी ने धोखा दिया है?
उत्तर: नहीं जी अभी तक तो बचे हुए हैं, इंशाल्लाह आगे भी बचे रहेंगे! 😀

 
माशाल्लाह, काफ़ी लंबा मामला निकला यह तो! खैर, मज़ा खूब आया इनके उत्तर लिखने में भी!! 😀 अब टैग की परंपरा है कि यह आगे भी खिसकाना होता है, लेकिन लोग बाग़ प्रायः टैग होने पर लिखने में कतराते हैं। इसलिए वही करूँगा जो पिछली बार किया था। :tup:

जिसकी श्रद्धा हो वह ये सभी प्रश्न कॉपी कर अपने ब्लॉग पर उत्तर के साथ छाप डालें (ब्लॉग छापने का फोकट में मसाला भी मिल जाएगा)। और जिसकी श्रद्धा नहीं भी है वह भी छाप सकता है, कोई टैक्स नहीं लगेगा कोई फीस नहीं वसूली जाएगी। लेकिन याद रहे कि सिर्फ़ प्रश्न ही कॉपी करें, उत्तर न कॉपी करें! 😀