शनिवार को आदतन देर से उठा, भई सप्ताहांत पर देर तक नहीं सोऊँगा तो कब सोने को मिलेगा!! लेकिन एक कारण यह भी था कि मैं देर से सोया था। बहरहाल, उठकर GTalk खोल बैठा था कि कोई टाईमपास को मिले, नीरज भाई दिख गए ऑनलाईन। थोड़ी देर इधर-उधर की बात की, तत्पश्चात मैंने पूछा कि क्या उनका अवकाश है तो बोले कि है। तो मैंने कहा कि भई मिलो फिर, तो उनका उत्तर था कि सायं पाँच बजे उनके घर पहुँच जाऊँ, सृजनशिल्पी जी और मैथिली जी को भी उन्होंने न्यौता दे दिया था। अब मैंने सोचा कि शनिवार है, सांय काल है, नोएडा जाने वाली ओर अधिक यातायात नहीं होगा, आधे घंटे में पहुँच जाउँगा, इसलिए ठीक साढ़े चार बजे घर से निकला। परन्तु मार पड़े बेवक्त के यातायात को और बेवकूफ़ लोगों को, सफ़दरजंग हस्पताल से पहले, साऊथ एक्स और आश्रम चौक के बाद ऐसा यातायात मिला(कई जगह तो खामखा का ठहराव था) कि खामखा का आधा घंटा बर्बाद हो गया और मैं पाँच बजकर बीस मिनट पर पहुँचा। इसी बीच रास्ते में नीरज भाई का फोन भी आ चुका था। बहरहाल नीरज भाई का घर ढूँढने में कोई दिक्कत नहीं आई। पहुँचकर पता चला कि (हर बार की तरह?)मैं ही सबसे पहले पहुँचा हूँ!!
थोड़ी देर बाद सृजनशिल्पी जी और मैथिली जी भी आ गए, सृजनशिल्पी जी ने समय व्यर्थ न करते हुए चर्चा आरम्भ की। वार्ता चलती रही, उधर नीरज भाई और मैने सुबह से कुछ खाया नहीं था इसलिए भोजन आदि मंगवा लिया गया, सृजनशिल्पी जी और मैथिली जी ने साथ दिया। खाने के पश्चात नीरज भाई ने पूछा कि क्या मैं कैमरा लाया हूँ तो मैंने खेदपूर्वक स्वीकार किया कि कैमरा तो नहीं लाया। परन्तु तभी ध्यान आया कि मोबाईल में झकास सा कैमरा है तो फिर क्या गम है, सबका फोटो लिया गया।

(बांये से: मैथिली जी, सृजनशिल्पी जी और नीरज भाई)
कुछ देर बाद नीरज भाई ने कंप्यूटर चालू किया तो उनको GTalk पर इटली वाले रामचन्द्र मिश्रा जी मिल गए जो कि उस समय पास्ता बना रहे थे।
तो उनसे वार्ता आरम्भ की गई। इस तरह रामचन्द्र जी को ब्लॉगर भेंटवार्ता में रिमोटली भाग लेने वाले पहले हिन्दी ब्लॉगर होने का गौरव प्राप्त हुआ। अब पॉडकॉस्ट आदि बहुत चल रही हैं, तरकश वाले बन्धु आए दिन हॉटलाईन पर किसी न किसी को गर्म करते रहते हैं, तो हम लोगों ने सोचा कि रामचन्द्र जी से हो रही वार्ता को रिकॉर्ड कर लिया जाए तो यह एक नया अनुभव होगा।
कुछ समय पश्चात तरकश वाले पंकज भाई अवतरित हुए। उनसे भाग लेने का अनुरोध किया लेकिन उन्होंने यह कहकर इंकार कर दिया कि वे घर जा रहे हैं। लगता है कि भौजाई ने जल्दी घर आने को बोला था, इसलिए हम लोगों का प्रस्ताव नकार दिया!!
तो हमने किसी और को पकड़ने की सोची। भुवनेश जी दिखाई दिए, लेकिन उनके पास स्पीकर तथा माईक्रोफोन का जुगाड़ नहीं था, नाराज़ होकर वे भी चले गए। फिर हैदराबाद वाले सागर जी अवतरित हुए, इनके पास तो स्पीकर तथा माईक्रोफोन का जुगाड़ होने के बहुत आसार थे, तो हमने रामचन्द्र जी को ठंडा होने के लिए छोड़ दिया और थोड़ी ही देर में सागर जी हॉटलाईन पर हमारे साथ थे। इस तरह टेक्नॉलोजी के कमाल द्वारा ब्लॉग भेंटवार्ता में रिमोटली भाग लेने वाले सागर जी दूसरे शख्स बने। कुछ क्षण पश्चात मेरे दिमाग में आईडिया आया कि क्यों न वीडियो उतारा जाए। तो अपना मोबाईल तुरंत निकाल वीडियो रिकॉर्डिंग आरम्भ कर दी। इस वीडियो को और सागर जी से हुई (लगभग पूर्ण) बातचीत को आप यहाँ देख/सुन सकते हैं। सागर जी से हुई बातचीत के दौरान नीरज भाई ने अपनी मधुर आवाज़ में एक गीत भी सागर जी को सुनाया जो कि वीडियो में रिकॉर्ड कर लिया गया।
तकरीबन सांय सवा आठ बजे सभा बर्ख़ास्त हुई और सभी अपने-२ ठिकानों की ओर चल दिए।
आज दोपहर 12 बजे क्नॉट प्लेस में वेन्गर के पास वाले एक कैफ़े कॉफ़ी डे में हिन्दी ब्लॉगर भेंटवार्ता का आयोजन निश्चित किया गया, तमाम सर्कुलर नोटिस आदि छाप फैला दिए गए थे। अब तुरत-फुरत ब्लॉगर भेंटवार्ता आयोजित की गई थी इसलिए कुछ लोग नहीं भी आ पाए। पर बहरहाल, मैं समय से पूरे 10 मिनट पहले कैफ़े में पहुँच गया और पंडित शिवकुमार शर्मा को सुन समय व्यतीत करने लगा। जब निर्धारित समय से बीस मिनट ऊपर हो गए और कोई नहीं आया तो मैंने जगदीश जी को फुनवा लगाया और उन्होंने कहा कि वे 10-15 मिनट में पहुँच रहे हैं। मैं आश्वस्त होकर बैठ गया कि सामूहिक रूप से मुझे उल्लू नहीं बनाया जा रहा और वाकई कोई भेंटवार्ता हो रही है। लेकिन उसके भी 25 मिनट ऊपर हो गए और कोई नहीं आया, न सृजनशिल्पी जी और न ही जगदीश जी(जिनको कि 10 मिनट पहले पहुँच जाना चाहिए था)! तो अब मैंने नीरज बाबू को फोन लगाया और उनसे पूछा कि वे कहाँ हैं। उनका तो भेंटवार्ता में आने का कार्यक्रम ही नहीं था क्योंकि वे ऑफ़िस में नौकरी बजा रहे थे, तो ऐसे ही उनसे बात होने लगी और फिर मैंने अपनी खीज व्यक्त की कि एक घंटा होने को आया और कोई भी नहीं आया अभी तक, स्वयं आयोजक सृजनशिल्पी जी तक नदारद थे। इसी बीच मैंने एक कॉफ़ी मंगवा ली थी और शनिवार के एक अख़बार में कुछ समाचारों को पढ़ते हुए कुछ नोट्स बना रहा था(उनसे एक पोस्ट लिखूँगा शीघ्र ही)। अभी नीरज बाबू से बतिया ही रहा था कि यदि अगले पाँच मिनट तक कोई नहीं आया तो मैं निकल लूँगा क्योंकि मुझे लग रहा था कि मुझे उल्लू बनाया गया है, जगदीश जी मुझे आते दिखाई पड़े। आते ही उन्होंने बताया कि पास ही में मौजूद दूसरे कैफ़े कॉफ़ी डे में सभी लोग जमा हो गए हैं। मैं अवाक् रह गया क्योंकि दिशानिर्देश तो मैंने इसी कैफ़े के दिए थे तो सभी कहाँ पहुँच गए!! खैर बहरहाल, मैं अपनी कॉफ़ी का भुगतान कर जगदीश जी और मसिजीवी साहब के साथ हो लिया।
दूसरे कैफ़े में पहुँच देखा कि सृजनशिल्पी जी नीलिमा जी, नोटपैड वाली डॉक्टर जी और अमिताभ(बच्चन नहीं त्रिपाठी, लोकमंच वाले) जी से भेंट तो कर चुके थे, अब साथ बैठे वार्ता आरंभ कर चुके थे। अब यह देख मेरे मन में पहला विचार यही आया कि जब सही दिशानिर्देश देने पर यह हाल है तो …..। बहरहाल, अब क्या करते, हमने तो इन लोगों को वेन्गर के बाद मुड़कर उपस्थित कैफ़े में आने को बोला था, ये लोग बिना मुड़े सीधे चलकर पहले पड़ने वाले कैफ़े में पहुँच गए। खैर, तो भेंटवार्ता आरंभ थी, हम लोग भी विराज गए(कुर्सियों पर)। चूँकि बाकी सभी के लिए कॉफ़ी आ चुकी थी, तो साथ देने के लिए मैंने भी कॉफ़ी मंगवा ली।
हाँ तो अब कार्यक्रम चालू हुआ तो बात पर बात निकल चली। अभी ताज़ा-२ विवाद में रहे मोहल्ले का ज़िक्र आना तो बिलकुल स्वभाविक बात थी। अब यह संयोग समझिए कि कुछ और, थोड़ी देर बाद ही मोहल्ले वाले अविनाश महोदय अपनी धर्मपत्नी सहित पहुँच गए(कदाचित अकेले आते डर रहे होंगे)।
तो जैसा कि घोड़े के मुँह से सुनने का प्रचलन है, सभी ने घेर लिया अविनाश जी को और कर दी प्रश्नों की बौछार। मुझे लगता है कि वे पूरी तरह से तैयारी करके आए थे इसलिए तुरंत उत्तर प्रस्तुत करने आरंभ कर दिए।

(बांये से: नीलिमा जी, सृजनशिल्पी जी, अविनाश जी, जगदीश जी, मुक्ता जी, अमिताभ जी)
और इधर मैं बैठा सोच रहा था कि अभी तक की हिन्दी ब्लॉगर भेंटवार्ताओं का यदि अवलोकन किया जाए(और पिछली वाली दिल्ली में हुई भेंटवार्ता को नज़रअंदाज़ कर दिया जाए) तो अभी तक पूर्णतया मर्दाना रही भेंटवार्ताओं का क्रम आज टूट उसमें जनाना टच आ गया!!
अब इसे किसी दूसरे अंदाज़ में न लिया जाए, मैं सिर्फ़ रपट पेश करने के अंदाज़ में कह रहा हूँ!!

(बांये से दूसरे स्थान पर लाल-नारंगी सूट में: नोटपैड वाली डॉक्टर जी)
तो प्रश्नों की गोलियाँ दगती रही, उत्तरों से प्रतिवार होता रहा, लेकिन यह सब संयत तरीके से हो रहा था, कैफ़े वालों ने हमें बाहर नहीं निकाला। लेकिन थोड़े समय बाद सर्वसम्मती से यह तय किया गया कि बाहर सेन्ट्रल पार्क में बैठा जाए, कैफ़े में बैठे अन्य लोगों को बहुत पका लिया अब थोड़ा उन पर रहम किया जाए, बेचारे तोता-मैना के युगल जोड़ों को एकान्त दिया जाए।
तो बाहर पार्क में आकर सृजनशिल्पी जी ने मुझसे पूछा कि कहाँ बैठा जाए तो गेम शो की भांति उनको दो ऑप्शन देते हुए मैंने कहा कि घास और पत्थर में से चुन लें कि कहाँ तशरीफ़ रखी जाए, तो घास पर ही सभी ने रख दी ….. अरे भई तशरीफ़ और क्या!!
तो अब सेन्ट्रल पार्क में भी टनाटन वार्ता आरंभ हुई और बीच-२ में हंसी मज़ाक के साथ पूरे ज़ोर पर चली। थोड़े समय बाद नोटपैड वाली डॉक्टर साहिबा ने विदा ली, उनको भूख लग रही थी और किसी ने उनको भोजन पर आमंत्रित किया था, इसलिए उनको हम लोगों के साथ मैकडॉनल्ड अथवा काके दे होटल में खाना गवारा नहीं था, भई फिर वो आमंत्रण देने वाले के यहाँ जाकर क्या करतीं!!
लेकिन उनके जाने के बाद भी हम लोग रूके नहीं और पिले रहे, समय पंख लगा उड़ता रहा और हमें पता नहीं चला।

(बांये से: सूरज चाचू, उड़ते हुए कुछ अपरिचित कौवे जिन्होंने ब्लॉगर भेंटवार्ता में आने से साफ़ इन्कार कर दिया)
संध्या घिर आई, भूपेन जी आकर बैठे ही थे कि सभी दुकान बढ़ाने के उद्देश्य से उठ गए, नीलिमा जी और मसिजीवी जी को लगा कि अब घर-बार की सुध लेनी चाहिए तो उन्होंने भी विदा ली। लेकिन हम बाकी के सात जन पहुँच गए पास ही स्थित केवेन्टर्स पर और वहाँ फ़्लेवर युक्त स्वादिष्ट ठंडे दूध से तृष्णा शांत की गई। अब मोहल्ले वालों ने, अर्थात् अविनाश जी और उनकी धर्मपत्नी मुक्ता जी ने, और भूपेन जी ने विदा ली। बचे रह गए मैं, जगदीश जी, अमिताभ जी और सृजनशिल्पी जी। हम लोग पुनः सेन्ट्रल पार्क में आ बैठे और कुछ हल्की-फुल्की टेक्नॉलोजी पर चर्चा के बाद चर्चा निकल चली सृजनशिल्पी जी के आजकल के विषय पर यानि कि उनके नेताजी सुभाषचंद्र बोस पर छपने वाले पर्चों पर और उन्होंने काफ़ी अनुमान करवाया कि कितना और क्या पढ़ा है, और बहुत कुछ उसमे से छाप नहीं पाएँगे क्योंकि उससे संबन्धित बातें और दस्तावेज गोपनीय रखे गए हैं। तो बहरहाल इसी विषय पर बात होती रही, विदा लेने के लिए खड़े हो गए लेकिन बात चलती रही और तकरीबन एक घंटा खड़े-२ ही बात चलती रही।
अंततः सांयकाल साढ़े छह बजे, लगभग 6 घंटे चलने के बाद, भेंटवार्ता समाप्त हुई और सभी अपने-२ ठिकानों की ओर बढ़ गए। मेरी जानकारी अनुसार यह कदाचित् अभी तक ही सबसे लंबी ब्लॉगर भेंटवार्ता थी।
नहीं जी, कोई गलत अर्थ मत निकालना, कुछ ऐसा वैसा करने की नहीं सोच रहे। दरअसल आज इंडिया हैबिटैट सेन्टर में दिल्ली ब्लॉगर्स बिरादरी की एक भेंटवार्ता रखी गई थी। अब कोई ऐसी वैसी भेंटवार्ता नहीं थी, बकायदा एक मुद्दा था जिस पर चर्चा की गई। बात यूँ है कि अभी हाल ही में चेन्नई में एक ब्लॉगकैम्प आयोजित किया गया था। तो हमें लगा कि ऐसा कुछ यहाँ उत्तर भारत में दिल्ली में भी होना चाहिए, अब बहुत से यहाँ के लोग तो वहाँ जा नहीं पाए थे, और बहुत से जो गए थे उनको निराशा हुई क्योंकि कुछ “खास” नहीं मिला वहाँ जिसकी आशा लिए वो वहाँ गए थे।
ठीक, अब जब यह विचार आया तो अन्य लोगों को मैंने बताया। कुछ को पसंद आया तो कुछ संशय में लगे। इसलिए इसको मुद्दा बना आज की भेंटवार्ता रखी गई ताकि सभी अपने अपने विचार व्यक्त कर सकें। जितनी आशा थी उसके अनुरूप उपस्थित लोगों की संख्या कुछ खास नहीं थी परन्तु फ़िर भी संतोषजनक थी, करीब 10-12 लोगों ने तो हाज़िरी लगाई ही।
चर्चा ये की गई कि कैसा आयोजन करना है। क्या चेन्नई वाले की तरह बड़ा किया जाए या छोटे स्तर का किया जाए। इस बात पर सभी एकमत थे कि कुछ नया होना चाहिए, चेन्नई वाले ब्लॉगकैम्प का दोहराव नहीं करना कि जो वहाँ था वैसा ही यहाँ भी कर डालें। अब यही सबसे बड़ा मुद्दा बना। “नया” करें तो क्या करें?? तो सभी से कहा गया कि भई अपने अपने विचार एक कागज़ पर दर्ज करो कि आप ब्लॉगकैम्प में क्या देखना पसंद करेंगे, क्या जानना चाहेंगे। अभी इस पर चर्चा जारी रहेगी, हिन्दी ब्लॉगर बिरादरी से मेरे अतिरिक्त कोई और आ नहीं सका, इसलिए बिरादरी के मेम्बरान के विचार जानने के लिए मैंने परिचर्चा में एक सूत्र आरम्भ किया है जहाँ पर कोई भी अपने विचार आदि व्यक्त कर सकता है।
भेंटवार्ता तकरीबन दो-तीन घंटे चली जिसके उपरांत कुछ ने विदा ली और बाकी हम लोग हैबिटैट सेन्टर के रेस्तरां Eatopia में जलपान के लिए चले गए।
गतांक से आगे …..
तो हम गाईड लिए किराए की जीप में आगे बढ़ चले। पर थोड़ा रूकें, एक बात तो बताना भूल ही गए!! गाईड और जीप लेकर चलने से पहले नीरज भाई तथा प्रतीक बाबू ने टशन में आ एक एक बीयर की बोतल पकड़ फ़ोटो खिंचवाने की फ़रमाईश की, तो हमने उन्हें निराश नहीं किया, आप भी मत करें और यह फ़ोटो देखें।
हाँ तो अब आगे बढ़ते हैं। मिश्रा जी दबादब फ़ोटो लिए जा रहे थे, तो उनको जबरन पकड़ साथ लिया और हम बमय जीप तथा गाईड आम्बेर किले की ओर चल दिए। अंदर का नज़ारा बहुत ही बढ़िया था। गाईड ने बताया कि आम्बेर किला लगभग 350 वर्ष पुराना है तथा जयपुर बसने से पहले शाही परिवार यहीं रहता था। अब यह भारत सरकार की संपत्ति है। आम्बेर किले के भीतर राजस्थानी तथा मुग़ल, दोनों ही तरह की शिल्प-कला के नमूने मौजूद हैं, दीवारों आदि पर दोनों कलाओं का समावेश है।
वहाँ हमने केसर बाग़ का ऊपर से ही नज़ारा किया। गाईड ने बताया कि यहाँ राजा ने कश्मीर से मँगा कर केसर उगाया गया था पर राजस्थान के गर्म मौसम के कारण वह उग नहीं पाया, परन्तु नाम उसका अवश्य टिक गया।
किले के अंदर बने कमरे आदि देखते हम राजा के रात्रि के कमरे पर पहुँचे जो कि तीन दिशाओं से बंद था और चौथी ओर एक बड़ा सा काले चिकने पत्थर का बरामदा था जहाँ गायन और नृत्य की महफ़िलें लगती थी। पर यहाँ की दीवारों को अंदर से देख बहुत ही कोफ़्त हुई, क्योंकि उन पर यथावत भारतीय लोगों की मोहर लगी थी जो हर जगह देखने को मिल जाती है, आप भी देख लें।
आम्बेर किले में घूम फ़िर कर हमने खूब फ़ोटो आदि लिए, एक दूसरे के भी तथा औरों के भी!!
किला देख दाख के जब हम लोग फ़ारिग हुए तो गाईड से पता चला कि लगभग 5 किलोमीटर की दूरी पर जयगढ़ किला है जो कि 1000 वर्ष से भी पुराना है। लगभग ढाई बजे का समय हो रहा था, जीतू भाई को टेन्शन हो रही थी कि समय से दिल्ली पहुँच पाएँगे कि नहीं, पर अपन जिद पर अड़े रहे कि जयगढ़ का किला भी देखना है। आखिरकार बालहठ हमेशा की तरह विजयी हुई। वापस पार्किंग में पहुँच हमने किराए की जीप को विदा दी पर गाईड को पकड़े रखा और अपनी गाड़ी में जयगढ़ की ओर बढ़ चले।
गाईड ने बताया कि यह किला करीब 1000 वर्ष पूर्व दोसा नामक गाँव में रहने वाले राजपूतों ने बनाया था। उस समय यहाँ मीणा जाति के लोग रहते थे जिन्हें मार भगाया और यह किला बनाया। आम्बेर किले के बनने तक जयपुर का शाही परिवार इसी जयगढ़ के किले में रहता था। यह किला अभी भी शाही परिवार की निजि संपत्ति है। गाईड के कहे अनुसार हम लोगों ने अपने साथ साथ अपनी गाड़ी का भी टिकट कटाया और गाड़ी अंदर ले चले। इसी किले के सबसे ऊँचे बुर्ज पर दुनिया की सबसे बड़ी पहियों वाली तोप “जयवाण” रखी है, तो सबसे पहले हम उसी को देखने पहुँचे। गाईड ने बताया कि इस तोप की नली अष्ट धातु की बनी है जिसका वज़न लगभग 40 टन है!! इसमें 50 किलो का गोला डलता था और इसे केवल एक बार जाँचने के लिए चलाया गया था तो इसका गोला लगभग 35 किलोमीटर दूर जाकर गिरा था। उस जगह पर आज एक गाँव है और लगभग 300 वर्ष पहले चली इस तोप के गोले से बना गड्ढा आज भी मौजूद है।
गाईड ने आगे बताया कि इस तोप को हिलाने और घुमाने के लिए दो हाथियों का प्रयोग किया जाता था, तोपची को इसे अग्नि दिखाते ही पानी के एक कुन्ड में डुबकी लगानी होती थी क्योंकि इसके चलने की ध्वनि इतनी तीव्र होती थी कि वह बहरा हो सकता था या कदाचित् हृदयाघात भी हो सकता था। गाईड ने बताया कि जब इसे परीक्षण के लिए चलाया गया था तब इसकी अति-तीव्र ध्वनि के कारण किले में उपस्थित सभी गर्भवती महिलाओं का गर्भपात हो गया था!! इस तोप का नक्शा आदि मुग़ल बादशाह अक़बर के सिपहसालार राजा मानसिंह अफ़गान लड़ाई से लौटते समय अफ़गानिस्तान से लाए थे परन्तु इसे लगभग 350 वर्ष पूर्व सवाई राजा जयसिंह ने बनाया था, वही जिन्होंने जंतर-मंतर बनवाया, जयपुर बसाया। इसी कारण इस तोप का नाम उनके नाम पर पड़ा। वाकई, यह राजा जयसिंह बड़े कारीगर बन्दे थे!!
एक बात जिस पर मुझे आश्चर्य नहीं हुआ वह यह कि यहाँ इस तोप के बाजू में भी कोका-कोला और पेप्सी पहुँच गई, यकीनन जिस समय तोप बनी उस समय तो यह उपलब्ध नहीं थी!!
इसके बाद गाईड ने हमें किले की पानी की टंकियाँ दिखाई जिनमें बारिश के पानी को एकत्र कर पीने और अन्य कार्यों के लिए प्रयोग किया जाता था। यहाँ तीन टंकिया उपस्थित थी, दो छोटी तथा एक बड़ी। छोटी टंकियों में पानी सीधे जाता था तथा उससे साफ़ हो बड़ी टंकी में जाता था जो कि काफ़ी बड़ी थी। ऊपर तो उसकी छत का ही भाग दिख रहा था, बाकी ज़मीन के भीतर था। उसकी छत लगभग 85 स्तंभों पर टिकी हुई थी और गाईड ने बताया कि सन् 1975 में जब इंदिरा गाँधी प्रधानमंत्री थीं, उस समय यहाँ इसी टंकी के फ़र्श के नीचे से कई सदियों पुराना खज़ाना निकला था। गाईड ने खुलासा करते हुए बताया कि इस टंकी में मौजूद हज़ारों लाखों गैलन पानी को निकाल लगभग डेढ़ महीने तक खुदाई चली थी जिस दौरान जयपुर में फ़ौज का घेरा था जिस कारण न कोई आ सकता था और न जा सकता था। बाद में खबर को दबा दिया गया और सरकार ने इस बात से इन्कार किया कि कोई खज़ाना मिला है। गाईड के अनुसार कांग्रेस सरकार और इंदिरा गाँधी सब डकार गए। वैसे इस बात से तो मैं भी इन्कार करना पसन्द नहीं करूँगा, पर वह फ़िर कभी, अभी जयपुर यात्रा का हाल-ए-बयान ज़ारी रखते हैं।
इसके पश्चात किले में मौजूद जयगढ़ रेस्तरां से ले (मेरे अतिरिक्त)सभी ने चाय सुड़की। बहरहाल हम लोग आगे बढ़े और किले में मौजूद राम-हरि के मंदिर पहुँचे जिसकी स्थापना करीब सन् 1225 में हुई थी।
तत्पश्चात लगे हाथों इस मंदिर के बाजू में मौजूद भैरव के मंदिर को भी देखा जो कि इस किले जितना ही पुराना है, यानि कि 1000 वर्ष पुराना।
तत्पश्चात हमने किले की सबसे ऊपर की मंज़िल से किले के पीछे मौजूद सरोवर आदि देखा, राजा मानसिंह द्वारा बादशाह अक़बर की शान में बनवाई गई अक़बरी मस्जिद के दूर से दर्शन किए, भिन्न भिन्न मुद्राओं में अपने फ़ोटो खिंचवाए, औरों के खींचे। अब हमें देर भी हो रही थी, इसलिए वापस लौटने का निर्णय लिया। गाईड को नीचे आकर जहाँ से लिया था वहीं छोड़ दिया और अपने रास्ते लग लिए। प्रतीक बाबू हमारे साथ ही दिल्ली चल रहे थे। जयपुर से बाहर निकल सड़क किनारे सभी भाई लोगों ने भोजन किया और हमने केवल वेजिटेबल रायते का भोग लगाया, दही एकदम ताज़ा, मीठा और ठंडा था, भई फ़ुल मज़ा आया!!
उसके बाद कहीं ना रूके, सीधे गाड़ी भगाए रहे। गुड़गाँव तक पहुँचते पहुँचते बरसात होने लगी थी और जीतू भाई अपने साथ जवानी के दिनों में बीते एक भूतिया हादसे का वर्णन कर हमारी हवा टाईट करने का प्रयत्न कर रहे थे। बड़े बुजुर्ग हैं इसलिए इज़्ज़त देते हुए अपन ने भी कहानी में थोड़ी दिलचस्पी दिखा दी वरना अपन ऐसी चीज़ों को ज़्यादा भाव नहीं देते।
दिल्ली पहुँचते पहुँचते रात गहरा गई थी, इसलिए जीतू भाई ने पहाड़गंज जाकर अपने मित्र के घर से अपना सामान उठाने का विचार त्याग दिया और मालवीय नगर में हमसे विदा ली। तत्पश्चात हमने नोएडा में नीरज बाबू को छोड़ा और फ़िर तेज़ होती बरसात में बढ़ चले गाज़ियाबाद की ओर जहाँ पहले प्रतीक बाबू से और तत्पश्चात मिश्रा जी से विदा ली। इन साहबान की मंज़िलें ढूँढने में बहुत समय लगा, रात्रि का एक बज रहा था जब वापस दिल्ली में प्रवेश किया और गाड़ी हमार घर की ओर उड़ चली और लगभग डेढ़ बजे बरसात में अपन घर पहुँचे।
जयपुर यात्रा का यह अनुभव बहुत अच्छा रहा। मैं पहली और आखिरी बार जयपुर दूर के रिश्ते की बहन के विवाह में लगभग 5-6 वर्ष की आयु में गया था और उस समय जयपुर भ्रमण नहीं किया था। दूसरी बात यह कि अभी तक जिन भाई लोगों से(जीतू भाई, मिश्रा जी और प्रतीक बाबू) केवल इंटरनेट द्वारा बातचीत होती थी उनसे पहली बार मिलना हो रहा था। सभी बन्दे बड़े फ़ंडू टाईप के निकले और यात्रा का पूरा मज़ा लिया गया। आशा है ऐसा जल्द ही पुनः करने का अवसर मिलेगा।
और नीरज भाई तथा प्रतीक बाबू के कारनामों से लैस जयपुर क्लब के तरणताल में फ़िलमाया गए वीडियो यहाँ उपलब्ध हैं। इन वीडियो में जीतू भाई ने स्पैशल अपीयरैन्स दी है, तथा स्पॉट ब्वॉय का कार्य मिश्रा जी ने किया। निर्माता-निर्देशक तथा कैमरामैन अपन थे!!
सभी जानने के लिए बेताब हैं कि क्या हुआ जयपुर की उस तथाकथित ब्लॉगर भेंटवार्ता में, जिसे कि यदि अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी ब्लॉगर भेंटवार्ता कहा जाए तो भी अतिश्योक्ति न होगा। पर क्या बताऊँ यह समझ नहीं आ रहा? क्या यह बताऊँ कि कदाचित जो आसार नज़र आ रहे थे उसके अनुसार तो यह ब्लॉगर भेंटवार्ता होनी ही नहीं थी, और एक गाँठ सी पड़ने का भी अन्देशा था!! 5 जुलाई तक सब ठीक ठाक था लेकिन गड़बड़ तो ऐन मौके पर ही होती है ना। पहले पहल जगदीश जी का फ़ोन आया और वे बोले कि वे नहीं जा सकेंगे क्योंकि उनकी मौसी की मृत्यु हो जाने के कारण उनका मौसी के घर जाना आवश्यक है। उन्होंने बड़ा अफ़सोस व्यक्त किया कि वे भेंटवार्ता में नहीं जा पाएँगे, परन्तु आखिर ऐसी स्थिति पर किसी का ज़ोर नहीं चलता, इसलिए कुछ कहा भी नहीं जा सकता। फ़िर प्रतीक बाबू को फ़ुनवा लगाया यह पूछने के लिए कि भाई चल रहे हो कि नहीं। इन्होंने 4 दिन पहले देर रात फ़ोन (और मुझे नींद से जगा) कर कहा था कि ये भी चलना चाहते हैं और दिल्ली से साथ चलेंगे। अब इन्होंने कहा कि सांय कुछ आवश्यक कार्य है आगरा में इसलिए दिल्ली से नहीं चलेंगे, जयपुर सीधे ही पहुँचेंगे!! मुझे अपने कानों पर विश्वास नहीं हुआ, मुझे लगा कि लो एक और बन्दा मुकर गया, ऐसा सोचा कि अब ये महाशय भी आने वाले नहीं और हमें गोली दे रहे हैं। हमने सोचा चलो कोई नहीं, देख लेंगे सबको!!
पर अभी बस कहाँ थी, सांय काल होते होते पता चला कि संजय जी भी नहीं आ रहे अहमदाबाद से, क्योंकि उनके पिताजी का बुलावा आ गया था सूरत से और उनको वहाँ हाज़िरी देनी थी। अब तो वाकई टेन्शन हो गई, मिश्रा जी और नीरज भाई से फ़ोन पर पूछ डाला कि वे लोग तो चल रहे हैं ना या उन्हें भी कोई समस्या है!! शुक्र था कि उन लोगों को कोई समस्या नहीं थी। जीतू भाई ने एक बार सुझाव दिया कि जब वे लोग ही नहीं आ रहे जिनके लिए जयपुर में भेंटवार्ता रखी गई थी तो फ़िर इतनी गर्मी में वहाँ जा कर क्या करेंगे, इसके बजाय कहीं और चला जाए जैसे ऋषिकेश अथवा मसूरी आदि। पर मैंने कहा कि नहीं, हम तो जयपुर ही जाएँगे चाहे कुछ भी हो जाए और फ़ुल मजे ले उनको अपने छायाचित्रों में उतार ना जाने वाले लोगों को चिढ़ाएँगे कि देखो आप लोगों ने क्या छोड़ दिया!!
तो ब्लॉगर भेंटवार्ता की बजाय एक घूमने फ़िरने वाली यात्रा पर मैं निकला। गाड़ी ठीक समय पर मेरे द्वार पहुँच गई। निश्चित समय पर मैं नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुँच गया जहाँ रा.च.मिश्रा जी पहले से ही पहुँचे जीतू भाई का इंतज़ार कर रहे थे। आदतानुसार गाड़ी लेट आई, पर आई तो सही। साढ़े ग्यारह बजे मिश्रा जी ने मुझे फ़ोन लगाया कि वे लोग बाहर आ गए हैं तो मैं गाड़ी से उतर उन्हें लेने पहुँच गया। मिश्रा जी से मिले, जीतू भाई से हाथ मिलाया और गाड़ी की ओर बढ़ गए। मिश्रा जी ने खाना नहीं खाया था, इसलिए उनके लिए कुछ लेने डोमिनोस पहुँचे पर वह बन्द हो चुका था। मैंने कहा कि चलो शिवाजी स्टेडियम पर जो मैक्डॉनल्ड है वहाँ देख लेते हैं, पर वह भी बन्द। तो फ़िर हम नोएडा की ओर बढ़ चले अपने इंडिया टीवी के सितारे नीरज भाई को लेने। जैसे तैसे रास्ता पूछते उनके घर के निकट पहुँचे। वे अपना सामान ले बाहर आ चुके थे, सो उन्हें गाड़ी में बिठाया और अपना सफ़र आरम्भ किया। पता नहीं कितनी देर गाड़ी चली, उसके बाद सड़क किनारे गाड़ी रूकी और मेरे अतिरिक्त सभी ने चाय ली और मिश्रा जी ने यहीं पेट पूजा भी कर ली।
उसके बाद फ़िर गाड़ी उड़ चली। वातानुकूलित गाड़ी में ठंडक थी, हल्का संगीत चल रहा था और हमारे बीच हल्की फ़ुल्की बातें हो रही थी। पीछे बैठे जीतू भाई, मिश्रा जी और नीरज भाई के बीच कुछ गहन वार्ता चल रही थी, अपने को समझ नहीं थी कि क्या बात हो रही है इसलिए अपन चुपचाप बैठे रहे। चुपचाप बैठने के कारण नींद आने लगती और एकाध झपकी आ जाती, फ़िर हड़बड़ा के उठ बैठता क्योंकि गाड़ी चलाते ड्राईवर के बाजू में बैठ सोना नहीं चाहिए। पीछे बैठे लोग कदाचित् यह सोच जल-भुन रहे थे कि मैं आराम से सो रहा हूँ और वे फ़ालतू की बातें कर रात काली कर रहे हैं!!
इसलिए नीरज भाई ने अपने ब्लॉग पर एडवांस रिपोर्टिंग के बारे में मेरी राय माँगी तो मैंने उन्हें अपने विचार बताए, मिश्रा जी टेक्नॉलोजी सम्बन्धित किसी विषय को लेकर बैठ गए तो अपन उस पर प्रवचन करने लगे, नींद सारी भाग गई थी अब और जयपुर निकट आता जा रहा था। दिन का उजाला फ़ैलने लगा और हम रास्ता पूछते पूछते शनिवार सुबह साढ़े पाँच बजे आखिरकार जयपुर क्लब पहुँच गए। क्लब हमें बन्द सा दिखा तो सोचा कि कहीं यह बन्द तो नहीं हो गया!! पर तभी एक गार्ड आता दिखाई पड़ा और उसे जब बताया कि हम लोगों की बुकिंग है तो वह हमें रिसेप्शन पर ले गया जहाँ से हमने अपना नाम आदि भर कमरे की चाबी ली और अन्दर जाकर पलंग पर पसर गए। अभी 5 मिनट भी नहीं बीते होंगे कि मुस्कुराते हुए हीरो बने प्रतीक बाबू ने कमरे में कदम रखा और सभी से हाथ मिला परिचय पाया। मैंने कमरे में मौजूद फ़्रिज खोल देखा तो उसमें एक ठंडी बीयर की बोतल पड़ी थी, पर किसी का बोतल लगाने का मूड नहीं था इसलिए चाय मंगाई गई जिसे आने में घंटे लग गए। और तभी प्रतीक बाबू ने हमें आगरे के मशहूर पंछी पेठा वाले के पेठे का डिब्बा दिया, तो सभी ने तबियत से उसका भोग लगाया।
एक चाय पी जीतू भाई का मन नहीं भरा, देखा कि बिजली से चलने वाली एक केतली कमरे में है, टी-बैग भी थे और पानी भी। पर उस केतली का बिजली से जोड़ने वाला प्लग नहीं था, परन्तु हमने वह भी ढूँढ निकाला और रख दिया पानी उबलने। पानी ऊबल गया तो उसे उतारा गया और कप आदि तैयार थे ही। चाय पीने की लत ना होने के कारण मैं इन लोगों को आश्चर्य से देखे जा रहा था(कि ऐसी क्या बात है जो सभी बारंबार चाय सुड़कना पसंद करते हैं)। जीतू भाई से हमारा आश्चर्य कदाचित् सहन नहीं हुआ और उन्होंने मुझसे कहा कि यदि मैं कॉफ़ी पीता हूँ तो ले लूँ वह भी उपलब्ध थी। तो बस फ़टाफ़ट एक कॉफ़ी का पाऊच, एक दूध के पाउडर का पाऊच और 2 चीनी के पाऊच ले हम भी अपना कप तैयार किए और सुड़क सुड़क के कॉफ़ी पिए।
तत्पश्चात मैं और जीतू भाई नीचे ड्राईवर को ढूँढने गए और वहाँ विभिन्न खेल-कूद के बारे में जान सोचा कि क्यों ना थोड़ी देर टेबल टैनिस खेला जाए। ऊपर कमरे में फ़ोन किया तो बाकि लोग भी नीचे आ गए। परन्तु जीतू भाई की किस्मत ज़ोरों पर थी, टेबल-टैनिस के सामान वाले लॉकर की चाबी नहीं मिली रिसेप्शन वाले को और जीतू भाई मेरे से बुरी तरह हारने से बच गए!!
उसके बाद हमने उससे पूछा कि और क्या क्या है तो उसने कई खेलों के नाम बताए। स्विमिंग पूल के बारे में सुन जीतू भाई की बांहें तैरने के लिए फ़ड़क उठी और नीरज भाई तथा प्रतीक बाबू साथ देने के लिए तैयार हो गए। तुरंत तैराकी के वस्त्र उपस्थित हुए और उन्हें पहन तीनों भीड़ू लोग पानी में उतर गए। उसमें पहले से 2 लड़कियाँ और 3 लड़के तैर रहे थे, पर इन तीनों महापुरूषों के जाते ही दोनों लड़कियाँ पतली गली से कट ली और फ़िर दो लड़के भी निकल लिए। बस एक छोटा लड़का कुछ हिम्मत वाला था इसलिए वह मैदान छोड़ नहीं भागा। इधर प्रतीक बाबू नीरज भाई को तैरना सिखाने लगे कि किस प्रकार हाथ-पाँव मारे जाते हैं। ये लोग इसी तरह पूल में हुड़दंग मचाते रहे और मैं तथा मिश्रा जी इनकी हरकतों के गवाह बने फ़ोटो आदि उतारते रहे।
(नोट: इन लोगों के हुड़दंग को हमने वीडियो पर उतार लिया था जो कि एक्सक्लूसिवली आपको हमारे यहाँ ही मिलेगा। उसके लिए थोड़ी प्रतीक्षा करें। अब वे वीडियो आप यहाँ पर देख सकते हैं।)
फ़िर तय हुआ कि इतने ये लोग खुले में स्नान का आनंद लें इतने में मिश्रा जी और मुझे भी नहा-धोकर तैयार हो जाना चाहिए। तो हम लोग भी शीघ्र तैयार हो गए और बाकी जने भी तैराकी का आनंद ले कमरे में वापस लौट आए।
अब हम लोग गाड़ी में बैठ क्लब से बाहर निकले और पेट पूजा का पिरोग्राम बनाया। तो फ़िर पूछते पूछते पहुँच गए रावत मिष्ठान भंडार, उसकी मशहूर प्याज़ कचौड़ी खाने। उसे खा मिर्च से मुँह जल गया, तो फ़टाफ़ट शीतलपेय की बोतलें लीं। दाल-बाटी का ऑर्डर देने पर जब बताया गया कि उसमें आधा घंटा लगेगा तो हम लोगों ने निर्णय लिया कि अभी निकल लेते हैं, बाद में देखेंगे दाल-बाटी को। हम रास्ते से निकल रहे थे कि एक गाईड हमारे पीछे पड़ गया, पूछने पर बोला कि 50 रूपये में जयपुर घुमा देगा, तो हमने उसे गाड़ी में खींच लिया। मुझे कुछ संदेह हो रहा था पर उसे नज़रअंदाज़ कर दिया। उस गाईड ने हमें झूलेलाल का प्रसिद्ध मन्दिर दिखाया और फ़िर हमें महारानी गायत्री देवी की फ़ैक्टरी में ले गया जहाँ हमने चादरों पर हाथ द्वारा प्रिंटिंग होते देखी। उसके बाद गाईड महोदय हमें दुकान में ले गए जहाँ 100 ग्राम आदि की गर्मी-सर्दी में चलने वाली रजाई आदि दिखाई गई। पर अब हम उस गाईड का इरादा समझ गए थे और रजाई बेचने वाले सेल्समैन को सिखा पढ़ा के बिना कुछ खरीदे(और उस गाईड की कमीशन बनाए) बाहर आ गए। हस्तशिल्प आदि के नमूने भी देखे, फ़ोटो सारी जमकर उतारी पर बिना खरीदे बाहर आ गए। अब तक गाईड के चेहरे पर थोड़ी निराशा आ रही थी। भरे मन से वह हमें एक और दुकान में ले गया जहाँ उसके कहे अनुसार ढाई तोले(लगभग 25 ग्राम) की जूती मिलती थी। यहाँ पर हम दुकान के द्वार से ही वापस आ गए(पर फ़ोटो आदि लेना ना भूले)। अब गाईड के चेहरे पर वाकई निराशा थी। उसके भाव से तो लग रहा था कि हमें और कुछ नहीं दिखाएगा लेकिन हमने भी सोच लिया था कि यदि उसने राजमहल आदि नहीं दिखाया तो उसे एक पैसा नहीं देना। शायद वह भी यह भाँप गया था, इसलिए बेमन से हमें जंतर-मंतर तक ले गया और वहाँ हमसे विदा माँगी। पूछने पर उसने बताया कि वह तो मात्र रोड-गाईड है जो कि रास्ते आदि दिखा देता है। मन तो कर रहा था कि आगे यह भी कह दूँ कि असल में ठग है जो कि कमीशन की खातिर गाईड बन जयपुर दिखाने के बहाने दुकानों पर ले जा सामान खरीदवाने के चक्कर में रहता है। गलती हमारी थी, हमें ही सरकार द्वारा ज़ारी किया उसका पहचान-पत्र देखने की माँग करनी चाहिए थी।
बहरहाल, उस तथाकथित रोड-गाईड को पैसे दे हम लोग जंतर-मंतर के अंदर गए, वहाँ एक सही गाईड लिया जिसने हमें जंतर-मंतर के प्रत्येक यंत्र के बारे में तफ़सील से इतिहास की तारीखों के साथ बताया। तत्पश्चात हम लोग बगल में मौजूद राजमहल की ओर चल दिए। प्रवेश शुल्क दे हम अंदर गए और सबसे पहले संग्रहालय देखा जिसमें राजा की 18वीं शताब्दी की पोशाक भी रखी थी। और भी कई ऐतिहासिक वस्तुएँ वहाँ रखी थी। फ़ोटो लेना मना था इसलिए उन्हें केवल देख कर ही संतोष किया। उसके बाद हमने शस्त्रागार देखा, वहाँ रखी पुरानी तलवारें, कटारें आदि देखी और कई बड़ी बड़ी बन्दूकें भी देखी। एक छोटी नाल वाली बंदूक मुझे इताल्वी माफ़िया द्वारा प्रयोग की जाने वाली शॉटगन “लूपो” की तरह लग रही थी(“लूपो” मैंने एक फ़िल्म में और एक तस्वीर में देखी है, कहाँ यह याद नहीं)। महल के और भी कई भाग देखे, तत्पश्चात हम थके-मांदे वापस क्लब आ गए। आते ही बोतलें खुल गई और घूँट पर घूँट लगने लगे। मिश्रा जी तो आते ही सो गए और मैं भी सुस्ताने लगा, पर सोया इसलिए नहीं क्योंकि मुझे जयपुर में एक मित्र के घर भी होकर आना था, मित्र तो फ़िलहाल मुम्बई में है इसलिए परिवार से ही मिलकर आना था। इधर नीरज भाई और प्रतीक बाबू, तरन्नुम में झूमते दूसरे कमरे में सुस्ताने चले गए। पाँच बजे मैं अपने मित्र के घर जाने के लिए निकल पड़ा, पर घर का पता थोड़ा अधूरा होने के कारण बहुत दिक्कत हुई। फ़िर मित्र को फ़ोन लगाया, तत्पश्चात जयपुर में उसके घर से उसके पिताजी का फ़ोन आया(मेरे पास उनका नया नंबर नहीं था) और उन्होंने दिशानिर्देश दिए जिसकी सहायता से आखिर घर पहुँच ही गए। वहाँ बैठ थोड़ी देर अंकल-आंटी से बातचीत हुई। वे खाना खाने के लिए रोक रहे थे पर उन्हें यह कह मना करना पड़ा कि अभी चोखी ढाणी जाने का कार्यक्रम है और वहीं खाना खाने का भी। आंटी फ़िर भी मानी नहीं और पेट भर नाश्ता तो करा ही दिया। खैर, मैं फ़टाफ़ट वापस क्लब पहुँचा तो वहाँ पहुँच पता चला कि एक जबरदस्त लफ़ड़ा पीछे से हो गया था। हुआ यूँ कि हम लोगों के पास सुबह एक ही कमरे की बुकिंग थी, नाश्ते पर जाते समय हमने कहा कि दूसरा कमरा यदि बगल ही में दे सकें तो बढिया होगा। वापसी पर चाबी माँगने पर उन्होंने हमें बाजू वाले कमरे की भी चाबी दे दी, बाद में उसी में नीरज बाऊ और प्रतीक जाकर सो गए थे। अब हुआ यूँ कि रिसेप्शन पर किसी ने देखा और तुरंत वो दूसरा कमरा हमसे वापस लिया क्यों कि वह कमरा तो किसी और को दिया हुआ था और उसका सामान भी पड़ा हुआ था जिसे हमारे तेज़तर्रार समाचार चैनल वाले नीरज साहब और भूसे के ढेर में से हिन्दी ब्लॉग चुन लेने वाले प्रतीक बाबू ना देख पाए(लगता है बोतल सिर चढ़ के बोल रही थी)। फ़िर हमें उस कमरे के बाजू वाला कमरा दिया गया जो कि शुक्र है कि खाली था!!
अब वो तो यूँ गनीमत हुई कि कमरे में ठहरा बन्दे ने आकर रेसेप्शन पर चाबी नहीं माँगी थी वरना यह सनसनीखेज खबर बनती कि इंडिया टीवी के स्टॉर टुन्न हालत में क्लब में किसी दूसरे के कमरे में पाए गए!!!
बहरहाल, मामला ज़रा लेट हो रहा था इसलिए बिना किसी लाग-लपेट के सभी चोखी ढाणी जाने के लिए निकल लिए। राजमार्ग पर अपनी वातानुकूलित शेवरलेट टवेरा उड़ी जा रही थी और शीघ्र ही हम लोग मन्ज़िल पर पहुँच गए। अंदर जाने के लिए 225 रूपए का टिकट लगता है और उसके लिए लाईन लगी थी। जीतू भाई को लाईन में लगा हम लोग बाजू में आराम से खड़े हो गए। टिकट ले अंदर प्रवेश किया तो द्वार के बगल में एक व्यक्ति देहाती वेश में बैठा शहनाई बजा लोगों का स्वागत कर रहा था। स्वागत में हम लोगों के मस्तक पर टीके भी लगा दिए।
अंदर तो पूरा राजस्थानी गाँव ही बसा रखा था। प्रवेश करते ही हमें एक लोहार अपना कार्य करता दिखा।
थोड़ा आगे गए तो हमें चंपी(सिर की तेल मालिश) करने वाले दिखे। बस फ़िर क्या था, हमने जीतू भाई को यह कह बिठा दिया कि आप चंपी करा आनंद भोगो, हम आपकी तस्वीर उतार के आनंद लेते हैं।
तो बस फ़िर क्या था, जीतू भाई फ़ौरन चंपी कराने बैठ गए और हमने उनकी तस्वीर उतार डाली। क्या सही पोज़ आया है, ऐसा पोज़ तो सिन्डी क्रॉफ़र्ड भी नहीं दे सकती!!
उसके बाद हम लोग लोक नृत्य करती नर्तकियों के पास जा उनके नृत्य का आनंद लेने लगे(और फ़ोटो भी)।
तत्पश्चात हमने वहाँ मौजूद कई चीज़े देखी, जादू का खेल देखा, तीर-कमान से निशाना भी लगाया पर सही लगा नहीं। तरकश वाले संजय भाई होते तो लगा लेते, भई आखिर आए दिन बड़े बड़े तीर छोड़ काफ़ी अभ्यास हो गया है, तभी तो अपना चुनाव चिन्ह तीर भरा तरकश रखा है!!
फ़िर हमने पुनः दूध की बनी बढ़िया कुल्फ़ी फ़ालूदा खाया, खाकर मज़ा आ गया, यम यम!!
उसके बाद हम लोग इधर उधर घूमने लगे, दो गुट बन गए, जीतू भाई, नीरज और प्रतीक बाबू अलग घूम मौज लेने लगे तथा मैं और मिश्रा जी तस्वीरें लेने लगे। राजस्थानी लोक संगीत सुना जो कि बहुत मधुर था, पुराने बर्तनों का अजायबघर देखा और जब बहुत हो गया और रात्रि के नौ बज गए तो पेट पूजा करने की सोची। अब वहाँ खाना(उसके पैसे प्रवेश शुल्क में ही जुड़े थे) खाने के दो विकल्प थे, या तो शादी पार्टियों की तरह टेबल पर रखे व्यंजनों आदि में से जो-जो पसन्द हो वह ले आराम से कुर्सी पर बैठ खाया जाए अथवा बगल में बने भोजनगृह प्रकार की जगह पर ज़मीन पर बिछी चटाई पर बैठ छोटी चौकियों पर रख खाया जाए जहाँ भोजन परोसने वाले थे जो आपको प्रेमपूर्वक भोजन कराते। हमने दूसरा विकल्प चुना, अब यह विकल्प लगभग सभी चुन रहे थे इसलिए अपना नंबर आने में थोड़ा समय लगा। नंबर भी आ गया और भोजन भी, भिन्न प्रकार सब्ज़ियाँ, कई प्रकार की रोटियाँ और उन पर लगाने के लिए शुद्ध सफ़ेद माखन, वाह भई वाह, मज्जा ही मज्जा!! और खाना इतना स्वादिष्ट कि बस पूछो ही मत, पेट भर गया पर ना खाने वालों का मन भरा और ना ही खिलाने वालों का जो कि जबरन अधिक रोटी आदि परोसे जा रहे थे। और खाने के साथ यदि छाछ हो तो कहने ही क्या, फ़िर पानी की क्या आवश्यकता, आपका छाछ अथवा पानी का गिलास खाली हुआ नहीं कि वह पुनः भर दिया जाता। खाने के पश्चात नंबर आता है मिष्ठान का, तो उसमें हमें दी गई खिचड़ी जिस पर डाला गया घी और उसके ऊपर बूरा, खाकर मज़ा आ गया। फ़िर आए घी में बने मालपूए, उनकी तो बस पूछो ही मत, बहुत स्वादिष्ट थे। खाना खाकर अंत में जब हम लोग उठे तो पता चला कि कुछ अधिक ही हो गया, अब तो थोड़ा इधर-उधर टहल कर हल्का होना पड़ेगा वरना दिक्कत हो जाएगी। सो हम लोग थोड़ा इधर उधर टहलने के बाद वापस लौट पड़े और वापस आते ही बिस्तर पर पसर गए। बहुत घूम फ़िर लिए थे, अब तो बस तगड़ी नींद आ रही थी(और मैं तो वैसे भी दो दिन से सोया नहीं था)।
अगले दिन सुबह छह बजे अलार्म बजा तो अपन उठ बैठे, ठंड लग रही थी इसलिए एयरकंडीशनर बन्द किया और मिश्रा जी को उठाने लगा। वो उठे तो दूसरे कमरे में फ़ोन लगवाया कि नीरज और प्रतीक बाबू को भी जगा दें पर नहीं लगा, इतने में जीतू भाई भी उठ गए। चाय आदि पीकर और तैयार हो हम लोगों ने क्लब से चेकआऊट किया और निकल पड़े आम्बेर के किले की ओर। मार्ग में जीतू भाई ने राजस्थानी लोक संगीत की कुछ सीडी आदि ली। जल्द ही हम लोग आम्बेर के किले के पास पहुँच गए जहाँ पता चला कि आगे रास्ता खराब है इसलिए यदि जीप कर ली जाए तो बढ़िया रहेगा। जीप के साथ हम लोगों ने गाईड भी किया और आगे चल दिए।
आगे का वृतांत अगले अंक में ज़ारी …..