दो सप्ताह पूर्व मैंने यहाँ पहली बार खुलासा किया था कि शीघ्र ही मेरा फोटो ब्लॉग (photo blog) शुरु होगा और यह आशा जताई थी की आगामी सप्ताहांत तक ऐसा हो जाएगा। लेकिन ऐसा हुआ नहीं, कारण ऐसा कि नियमित पाठक तो खैर अब इस आदत से परिचित हो ही गए होंगे और जो नहीं वे अब हो जाएँगे।
तो बात यूँ हुई कि हफ़्तों की मेहनत के बाद मामला सब तैयार था, सप्ताहांत भी आ गया लेकिन जो वर्डप्रैस थीम (WordPress theme) मैंने चुनी थी (फोटो ब्लॉग के लिए कुछ ही थीम मिल पाईं थी और यही उनमें ठीक ठाक लगी थी) और जिसे मैंने अथक परिश्रम से अपने अनुसार संशोधित किया था वह ऐन मौके पर मुझे न जाने क्यों नापसंद हो गई, मामला ठीक न लगा और मन में कुछ अलग ही तस्वीर का अक्स उभरा।
बस फिर क्या था, उस उभरे अक्स को एचटीएमएल (HTML) तथा सीएसएस (CSS) की सहायता से एक लेआऊट (layout) की शक्ल दी, उसमें हफ़्ते भर बदलाव करता रहा और अभी पिछले शुक्रवार 25 जुलाई को जब मामला संतोषजनक लगा तो शनिवार को उसे वर्डप्रैस की थीम में बदलना शुरु करा, बहुत समय नहीं था कार्य करने के लिए क्योंकि ऑफिस का भी कार्य था जिसे निपटाना था, लेकिन जितना समय निकाल पाया उतने में लगभग पूरी थीम बन ही गई। अब रविवार के दिन सोचा काम आसानी से हो जाएगा लेकिन हुआ न, और थोड़ा सा जो काम थीम पर बाकी था उसको करते-२ भी समय लग ही गया, परन्तु काम पूरा हो गया। तुरंत वर्डप्रैस इंस्टॉल किया गया और उसको सैट किया।
तो साहबान, पेश है (ब्लॉग सू़चि में हुआ इजाफ़ा) मेरा फोटो ब्लॉग – ब्लिसफुल इंफ्यूज़न (Blissful Infusion)
आप सभी का इस फोटो ब्लॉग पर स्वागत है। मुझे आशा है कि अब आप सिर्फ़ शब्दों के द्वारा ही नहीं वरन् तस्वीरों के माध्यम से भी मेरी नज़र से दुनिया देखेंगे।
आपकी प्रतिक्रिया की बेसब्री से प्रतीक्षा है।
वर्डप्रैस का एडमिन वर्ज़न 2.5 के बाद से पहले से अधिक सुन्दर हो गया है, लेकिन फिर भी लगता काफ़ी कुछ पुराने जैसा ही है, बस रंग ही बदले नज़र आते हैं। नए वर्डप्रैस एडमिन के लिए कुछेक थीम भी उपलब्ध हैं लेकिन उनमें भी सिर्फ़ रंग रोगन ही बदलता है, बाकी ढाँचा यानि कि पेज लेआउट (Page Layout) तो पहले जैसा ही रहता है। मैं इसी का इलाज ढूँढ रहा था तो एक प्लगिन (plugin) मिल गया जिसको वर्डप्रैस के प्लगिन फोल्डर में डाल के एडमिन में से एक्टिवेट (activate) करने पर वर्डप्रैस एडमिन का पूरा नक्शा ही बदल जाता है।
कैसा बदल जाता है? देखिए इस निम्न वीडियो में।
इस वीडियो को आप फुलस्क्रीन (Full Screen) पर भी देख सकते हैं, बस देखने के लिए प्लेयर में मौजूद प्रोग्रेस बार के दायीं ओर स्थित चौकोर बटन पर क्लिक करें। फुलस्क्रीन मोड में से निकलने के लिए अपने कीबोर्ड में एस्केप (Esc) बटन दबाएँ।
कैसा लगा? पूरे का पूरा नक्शा ही बदल गया ना? इस प्लगिन का नाम है फ्लूएन्सी एडमिन (Fluency Admin) और इसको आप यहाँ से प्राप्त कर सकते हैं।
एक बात का ध्यान रखें कि यह वर्डप्रैस वर्ज़न 2.5 या उसके बाद के वर्ज़नों के लिए ही है, तो यदि आपका वर्डप्रैस पुराना है तो पहले उसको नवीनतम वर्ज़न पर अपग्रेड कर लें।
काफ़ी समय से सोच रहा हूँ कि अपना एक फोटो ब्लॉग (photo blog) आरंभ करूँ, यह सोच पिछले वर्ष अधिक प्रबल हुई जब फोटोग्राफ़ी का शौक परवान चढ़ने लगा, लेकिन फिर सोचता कि क्या करना है पहले ही इतने सारे ब्लॉग हैं मेरे जो कि लगभग सभी अनाथ पड़े हैं, काहे एक और अनाथ की वृद्धि की जाए!! बहुतों ने कहा कि समस्या क्या है, कन्टेमप्लेट (contemplate) काहे करते हो, शुरु करो अपना फोटो ब्लॉग। आखिरकार मैंने निर्णय लिया और फोटो ब्लॉगिंग के लिए मुफ़्त सॉफ़्टवेयर ढूँढने लगा लेकिन काफ़ी ढूँढने के बाद भी कुछ ऐसा नहीं मिला जो मेरी इच्छानुसार हो। वर्डप्रैस के लिए भी कुछ प्लगिन और थीम आदि मिलीं लेकिन वे भी मेरी इच्छानुसार नहीं निकले, जो मुझे चाहिए था वह उनमें किसी में न मिला। आखिरकार निर्णय लिया कि स्वयं ही सॉफ़्टवेयर बनाया जाए अपनी इच्छानुसार और अति उत्साहित हो मैंने कार्य आरंभ किया। लेकिन हुआ वही जो अक्सर मेरे साथ होता है, अभी उस पर थोड़ा सा ही काम किया था कि कुछ अन्य मुद्दे सामने आ गए, फिर ऑफिस के कार्य ने घेर लिया और इस तरह वह फोटो ब्लॉग सॉफ़्टवेयर अधूरा ही छूट गया।
अभी कुछ समय पहले पुनः जोश ने उबाल मारा लेकिन इस बार सोचा कि पूरा सॉफ़्टवेयर स्वयं लिखने की जगह पहले से बने बनाए सॉफ़्टवेयर को अपने फोटो ब्लॉग के लायक बनाया जाए। तो इस कार्य के लिए प्रकट विकल्प यानि कि ऑबवियस चॉयस वर्डप्रैस था, इस सॉफ़्टवेयर में बेसिक फीचर सभी हैं और इससे अपने मन-माफ़िक काम करवाने का सालों का तजुर्बा है। तो इस बार वर्डप्रैस को आधार बनाकर काम पुनः शुरु हुआ और काफ़ी जल्दी ही लाँच के लायक काम हो गया, मैं अपनी अक्ल को कोस रहा था कि यह विचार पिछले वर्ष काहे नहीं आया!! कदाचित् उस समय तक कोड इग्नाईटर (Code Igniter) का नशा बरकरार था और हर चीज़ उसमें शुरु से बनाने की तलब लगती थी।
अभी मई के अंत में हुए दिल्ली के पहले ब्लॉगकैम्प में फोटो ब्लॉगिंग पर अपने सत्र के दौरान मैंने खासतौर से फोटो ब्लॉगिंग के लिए उपलब्ध मुफ़्त सॉफ़्टवेयरों आदि के बारे में बताया था और वहाँ भी यही कहा था कि इनमें से कोई मेरे मन माफ़िक न निकला इसलिए मैं अपने जुगाड़ पर कार्य कर रहा हूँ जो कि शीघ्र ही अनावरित होगा।
इस बीच इस बात पर भी विचार किया कि अपने इसी डोमेन पर एक सब डोमेन बना उस पर फोटो ब्लॉग आरंभ करूँ या एक अलग डोमेन लूँ। इस बारे में भी परिचितों और मित्रों से हर तरह के सुझाव मिले। आखिरकार मुझे एक अच्छा डोमेन मिला और मैंने तय कर लिया कि उस पर फोटो ब्लॉग आरंभ करूँगा लेकिन आशीष को वह डोमेन किसी अन्य कार्य के लिए जंचा और उसने सुझाव दिया कि इसको उस दूसरे कार्य में प्रयोग कर सकते हैं!! उस समय मैंने उसको कितनी गालियाँ दी होंगी यह तो मैं भी नहीं जानता, एक तो ढंग का डोमेन कठिनाई से मिलता है और जब एक बढ़िया सा मिल गया तो वह उसको प्रयोग करने से मना कर रहा है जिसका अर्थ यह कि एक अन्य डोमेन ढूँढना पड़ेगा। बहरहाल एक दिन ऐसे ही रात को बैठा था, आखिरी पहर था और मैं उनींदा सा हो रहा था कि एकाएक दिमाग में एक विचार आया और झट से उस डोमेन को खोजा और वह मिल गया, बस फिर क्या था उसको पंजीकृत करवा लिया।
अब एक माह से वह डोमेन, “कमिंग सून” यानि कि “शीघ्र आ रहा है” की तख्ती लगाए, प्रतीक्षा में है। नाम? नाम है – ब्लिसफुल इन्फ्यूज़न (Blissful Infusion)!!
फोटो ब्लॉग का मामला अभी पूर्णतया मेरी इच्छानुसार नहीं बना है लेकिन लाँच के लिए तैयार है, धीरे-२ उसमें बाकी की फीचर्स डाल उसको पूरा करने का इरादा है। लेकिन अधीरता क्यों? अधीरता इसलिए कि मामला लगभग तैयार है, कुछ छोटे-मोटे बदलाव करने हैं बस लेकिन इस सप्ताहांत बिलकुल भी समय नहीं मिलेगा तो इसलिए मामला अगले सप्ताह पर खिसक गया है, अपने से और कंट्रोल नहीं हो रहा था इसलिए इसके बारे में यहाँ लिख ही डाला।
अब बस अगले सप्ताह मामला ठीक रहा तो सप्ताहांत को फोटो ब्लॉग सभी के सामने होगा। कोई बहुत बड़ी बात नहीं है, अपन कोई तीस मार खाँ भी नहीं हैं लेकिन मेरे लिए यह बहुत ही खुशी का अवसर होगा कि मेरे ब्लॉगों की सूचि में एक का इजाफ़ा हो गया और मेरा भी फोटो ब्लॉग बन गया!
लो, जीतू भाई वर्डप्रैस अपग्रेड करने के लिए आसान जुगाड़ बता ही चुके हैं। लेकिन फिर भी इस जुगाड़ में थोड़ी मेहनत तो करनी ही पड़ती है, कई बार क्लिकियाना तो पड़ता ही है, चाहे बैकअप लेने के लिए या अगले पन्ने पर जाने के लिए!! क्या यह बेहतर न होगा कि यदि यह थोड़ा और आसान हो जाए, एक ही क्लिक में बैकअप भी हो जाए और अपग्रेड भी हो जाए, मतलब आप एक ही क्लिक करें और सब काम हो जाए। आईटी ने सबको आलसी बनाने का ठेका लिया है तो क्यों ना थोड़े और आलसी बन जाएँ?
तो यह आसन तरीका है क्या? यह फैन्टास्टिको (fantastico) है। जिन लोगों ने सर्वरों पर भाड़े पर जगह ले रखी है और अपने डोमेन पर हैं और होस्टिंग वाले की ओर से जिनको सीपैनल (cPanel) मिला हुआ है उनको अमूमन फैन्टास्टिको भी मिलता है। फैन्टास्टिको में एक ही क्लिक में कई सारे सॉफ़्टवेयर इंस्टॉल करने का जुगाड़ होता है और अपग्रेड भी एक क्लिक वाला ही होता है, बस एक क्लिक में ही सब काम।
वैसे इस प्लगिन में ऑटोमैटिक अपग्रेड का भी जुगाड़ है कि आप बस एक क्लिक करें और अपग्रेड अपने आप हो जाएगा। परन्तु मैं निजी तौर पर ऐसे कामों के लिए थर्ड पार्टी प्लगिन पर निर्भर रहना पसंद नहीं करता हूँ। कारण? कारण कोई लंबा चौड़ा नहीं है, बस इतना सा है कि मुझे वर्डप्रैस को प्रयोग करते हुए कोई चार-सवा चार वर्ष हो गए हैं और इस दौरान मैंने बहुत से धांसू प्लगिन्स को आते और कुछ समय बाद उनको मृत होते देखा है क्योंकि उनको बनाने वालों की या तो रुचि खत्म हो गई या समयाभाव के कारण उनको पुनः अपने प्लगिन पर काम करने का समय नहीं मिलता। कल को ऐसा ही इस प्लगिन और इसके निर्माता कीथ डिसूज़ा के साथ भी हो सकता है। वहम् कहिए या कुछ और पर इस मामले में फैन्टास्टिको जैसे कमर्शियल सॉफ़्टवेयर पर भरोसा अधिक है।
लेकिन जिनके पास फैन्टास्टिको है और जिन्होंने उसके द्वारा वर्डप्रैस इंस्टॉल नहीं किया वे इसके द्वारा अपग्रेड नहीं कर सकते। क्या वाकई? हाँ सीधे-२ तो नहीं कर सकते लेकिन उसके लिए भी जुगाड़ है, सिर्फ़ एक बार की मेहनत वाला जुगाड़। इसको करने का तरीका बहुत ही आसान है और क्रमानुसार निम्नलिखित है।
यह मान के चला जा रहा है कि आपको फैन्टास्टिको हासिल है, आपको माईएसक्यूएल (MySQL) में डॉटाबेस बनाने की सुविधा उपलब्ध है(आपको स्वयं नहीं बनाना होगा) और आपका मौजूदा वर्डप्रैस फैन्टास्टिको द्वारा इंस्टॉल नहीं किया गया था और पुराना वर्ज़न है तथा आपके फैन्टास्टिको में नया वर्ज़न उपलब्ध है।
बस इतनी ही मेहनत है एक बार की और इससे आपका ब्लॉग फैन्टास्टिको में आ जाएगा। तो अब भविष्य में जब भी वर्डप्रैस का नया वर्ज़न आएगा तो आपको सिर्फ़ एक ही क्लिक करना होगा अपना ब्लॉग अपग्रेड करने के लिए, कई क्लिक का झंझट ही समाप्त।