RSS

Posts Tagged ‘dbnms’


ब्लॉगकैम्प दिल्ली द्वितीय से कुछ लम्हें…..


March 10th, 2009 | 3 Comments

बीते शनिवार, 7 मार्च 2009, को दिल्ली के दूसरे ब्लॉगकैम्प का सफ़ल आयोजन हुआ, अच्छी खासी तादाद में श्रद्धालुओं ने आकर ब्लॉगिंग तथा न्यू मीडिया संबन्धित सत्संग का लाभ उठाया। अनुभवी वक्ताओं ने अपने-२ सत्रों में अपने अनुभवों और ज्ञान को बेहिचक सभी श्रद्धालुओं के साथ बाँटा। :) इस बार फोटोग्राफ़ी पर भी सत्र थे, फोटोग्राफ़ी में रूचि रखने वाले नौसिखियों से लेकर फोटोग्राफ़ी के कुछ गुर जानने वालों तक के स्तर के, तो तीन घंटे के खास फोटोग्राफ़ी के सत्रों में उस पर सार्थक चर्चाएँ हुई। किसी भी अन्य असम्मेलन की भांति माहौल एकदम दोस्ताना था।

सोचा तो मैंने भी था कि इस बार मोबाइल ब्लॉगिंग पर सत्र लूँगा और मोबाइल फोन आदि द्वारा छपास पीड़ा के निवारण आदि पर प्रवचन दूँगा, लेकिन शनिवार सुबह चार बजे तक ऑफिस के काम में लगा रहा और इस कारण अपने सत्र के लिए तैयारी नहीं कर पाया, दो घंटे की नींद लेकर ब्लॉगकैम्प के आयोजन स्थल की ओर रवाना हो गया।

पंगा यह हुआ कि कैमरे में जो स्टोरेज कार्ड लगा था उसमें पिछली बार फाइल ठीक से डिलीट नहीं हुई थी, इसलिए पंगा था जो कि कार्ड को फॉर्मेट करके दूर हो जाता, लेकिन वह मुझे ध्यान नहीं रहा। नतीजा यह निकला कि ब्लॉगकैम्प में जितनी तस्वीरें खींची (तकरीबन 50-60) उसमें से आखिरी की 20-25 तस्वीरें ठीक से स्टोर नहीं हुई, यानि कि उनका बोलो राम हो गया! :(

खैर, जितनी तस्वीरें बचीं उनमें से कुछ यहाँ प्रस्तुत हैं:


ब्लॉगकैम्प दिल्ली द्वितीय संस्करण की शुरुआत करते हुए अजय जैन



अपने सत्र के दौरान – हिन्दुस्तान टाइम्स के संपादक श्री माधवन



ब्लॉगकैम्प में पधारे श्रद्धालु लंच के दौरान



एकाग्रता से वक्ताओं को सुनते हुए



एचसीएल (HCL) की मीना वैद्यनाथन के सत्र के दौरान



नोकिआ (Nokia) के जसमीत गांधी के सत्र के दौरान


अब आने वाले शनिवार, 14 मार्च 2009, को होने वाले बंगलूरू के पहले ब्लॉगकैम्प की ओर निगाहें हैं, सत्रों की सूचि से तो लग रहा है कि बंगलूरू का ब्लॉगकैम्प बीते शनिवार को हुए दिल्ली के ब्लॉगकैम्प से भी अधिक रोचक होगा। प्रयास अपना भी है कि इस बार अपने सत्रों की तैयारी पहले से कर लूँ ताकि बंगलूरू वाले ब्लॉगकैम्प में अपने सत्र को न छोड़ना पड़े! :tup:


ब्लॉगकैम्प दिल्ली द्वितीय संस्करण…..


March 5th, 2009 | 6 Comments

परसों, शनिवार 7 मार्च 2009 को, दिल्ली के दूसरे ब्लॉगकैम्प का आयोजन हो रहा है। इस बार थोड़े अलग प्रकार का मामला होगा, अलग प्रकार के सत्र होंगे। दोपहर 2 बजे से सांय 5 बजे तक एक हॉल में ब्लॉगिंग पर सत्र तो चलेंगे ही, एक अन्य हॉल में प्रोफेशनल फोटोग्राफ़रों द्वारा फोटोग्राफ़ी के सत्र भी होंगे और बेहतर फोटो लेने और अन्य चीज़ों पर ज्ञान का आदान प्रदान होगा, यानि कि एक के दाम में डबल मज़ा!! :tup: शौकिया फोटोग्राफ़रों और फोटोग्राफ़ी में रूचि रखने वालों के लिए खासतौर पर प्रसिद्ध फैशन फोटोग्राफ़र श्री मुनीष खन्ना को फोटोग्राफ़ी पर ज्ञान देने के लिए आमंत्रित किया गया है, वे बताएँगे कि बेहतर फोटो कैसे लिए जा सकते हैं, कौन सी छोटी-२ चीज़ें होती हैं जिनको ध्यान में रखने से कोई भी ठीक-ठाक फोटो लेने की जगह बढ़िया फोटो खींच सकता है। :) साथ ही इन तीन घंटों में यह भी चर्चा होगी कि किस प्रकार के उपकरण बेहतर होते हैं, भिन्न उपकरणों और कैमरों तथा फोटोग्राफ़ी के अन्य मुद्दों, जैसे कि मेगापिक्सल, कंप्यूटर पर फोटो को सुधारने आदि पर भी चर्चा होगी।

इतना ही काफ़ी नहीं है। प्रसिद्ध कैमरा और अन्य फोटोग्राफ़ी उपकरण निर्माता कैनन (Canon) के प्रतिनिधि कैनन के नवीनतम कैमरों और अन्य फोटोग्राफ़ी संबन्धित उपकरणों को भी दिखाएँगे – तो यदि आप नया कैमरा खरीदने की सोच रहे हैं तो इन कैमरों को खरीद से पहले स्वयं देखने का और इनके बारे में जानने का अच्छा अवसर होगा।

ब्लॉगकैम्प दिल्ली द्वितीय संस्करण में होने वाले सत्र भी बढ़िया दिखाई दे रहे हैं, पिछले ब्लॉगकैम्प से अधिक मज़ा आने की पूरी-२ आशा है। :tup:

तो क्या आप दिल्ली के दूसरे ब्लॉगकैम्प में आ रहे हैं? यदि अभी रजिस्टर नहीं किया है तो तुरंत रजिस्टर करें, मामला एकदम फोकटी है। रजिस्टर किए बिना भी आ सकते हैं और ब्लॉगकैम्प में भाग ले सकते हैं, रजिस्ट्रेशन कोई अनिवार्य नहीं है! :)


दिल्ली का दूसरा और बंगलूरू का पहला ब्लॉगकैम्प…..


February 25th, 2009 | 7 Comments
ब्लॉगकैम्प दिल्ली द्वितीय संस्करण

दिल्ली का पहला ब्लॉगकैम्प हुए काफ़ी समय हो गया, उस ब्लॉगकैम्प में काफ़ी मज़ा आया था, कई लोगों से मिलना हुआ था, ब्लॉगिंग संबन्धित अलग-२ विषयों पर लोगों के विचार जाने थे। अब समय है फिर से एक नए ब्लॉगकैम्प का। लेकिन एक ही पर क्यों सब्र करें? पेप्सी वाले नहीं कहते – ये दिल माँगे मोर (रंगबिरंगा पंछी नहीं)!! और फिर शाहरूख खान भी तो आए दिन टेलीविज़न पर कभी किसी कार्यक्रम के दौरान या कभी किसी मैच के दौरान कहते हैं – डोन्ट भी संतुष्ट, थोड़ा और विश करो!! :D तो इसलिए इंडियन ब्लॉग एण्ड न्यू मीडिया सोसायटी इस बार एक नहीं वरन्‌ दो ब्लॉगकैम्प आयोजित कर रही है!!

पहला ब्लॉगकैम्प, दिल्ली ब्लॉग एण्ड न्यू मीडिया सोसाईटी के सहयोग से, 7 मार्च 2009 को दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है। ब्लॉगकैम्प दिल्ली के लिए रजिस्टर करने अथवा अधिक जानकारी पाने के लिए यहाँ क्लिक करें

दूसरा ब्लॉगकैम्प 14 मार्च 2009 को बंगलूरू में आयोजित किया जा रहा है। ब्लॉगकैम्प बंगलूरू के लिए रजिस्टर करने अथवा अधिक जानकारी पाने के लिए यहाँ क्लिक करें

मकसद?

मकसद….. मनसूबा….. वही है जो पहले था….. ब्लॉगिंग तथा न्यू मीडिया में रूचि रखने वाले लोगों और इनको प्रयोग में लाने वाले व्यक्तियों का जमघट लगाना, चर्चा करना, एकदूसरे के विचार जानना, ज्ञान बाँटना और ज्ञान पाना।

ब्लॉगकैम्प अन्य सम्मेलनों से अलग होते हैं, ये असम्मेलन होते हैं। यहाँ आपको प्रेरित किया जाता है कि आप मात्र दर्शक न रहकर बराबर के भागीदार बनें और ब्लॉगकैम्प में सहयोग दें। आप कई तरीकों से ब्लॉगकैम्प में सहयोग दे सकते हैं:

  • ब्लॉगिंग से जुड़े किसी विषय पर वर्कशॉप/लेक्चर आदि कर के
  • किसी अन्य की वर्कशॉप/लेक्चर में सहयोग देकर
  • ब्लॉगकैम्प के बारे में अपने ब्लॉग पर लिख के
  • ब्लॉगकैम्प से लाइव ब्लॉगिंग कर के
  • आयोजन में अन्य प्रकार से मदद कर

और सबसे बड़ी बात तो यह है कि ब्लॉगकैम्प में हाजिरी लगाना भी उसमें सहयोग करना ही है, ऐसे में आप उन लोगों को सहयोग करते हैं जो ब्लॉगकैम्प को आयोजित करने में सहयोग कर रहे हैं। :tup: और यह तो तय है ही कि यह एक मौका होता है बड़े स्तर पर ब्लॉगिंग से जुड़े अन्य लोगों से मिलने का और भिन्न विषयों पर उनके विचार जानने का। :)

इन दोनों ब्लॉगकैम्प में भाग लेने का कोई शुल्क नहीं है, इसके लिए सीगेट (Seagate) को साधुवाद कि आयोजन का खर्च वे उठा रहे हैं। :tup:

तो यदि आपने अभी ब्लॉगकैम्प के लिए रजिस्टर नहीं किया है तो आज ही अपना नाम दर्ज करें।

ब्लॉगकैम्प दिल्ली – http://wiki.ibnms.com/BlogCampDelhi2
ब्लॉगकैम्प बंगलूरू – http://wiki.ibnms.com/BlogCampBengaluru


May 24th, 2008 | 6 Comments

आज दिल्ली का पहला ब्लॉगकैम्प हो रहा है? क्या आप आ रहे हैं? यदि किसी कारणवश आप नहीं आ पाते हैं तो भी आपको निराश होने की आवश्यकता नहीं है। ब्लॉगकैम्प और बारकैम्प के इतिहास में पहली बार इस ब्लॉगकैम्प का लाइव प्रसारण होगा, टीवी पर नहीं बल्कि इंटरनेट पर। यह प्रसारण भारतीय समयानुसार सुबह साढ़े नौ बजे ब्लॉगकैम्प के आरंभ होने पर चालू होगा और आप इसे यहाँ देख सकेंगे


दिल्ली का पहला ब्लॉगकैम्प


May 21st, 2008 | 9 Comments

यदि कोई मुझसे पूछेगा कि अमिताभ बच्चन, आमिर खान और जैकी श्रॉफ़ में क्या साझा है तो मैं उत्तर दूँगा कि इन सबके ब्लॉग हैं और अब आप इनसे सीधी बात कर सकते हैं! ;)

BlogCamp Delhi

दो वर्ष पहले चेन्नई में हुए भारत के पहले ब्लॉगकैम्प के बाद भारत के भिन्न शहरों में ब्लॉगकैम्प हो लिए लेकिन भारत की राजधानी दिल्ली में अभी तक अकाल रहा। दिल्ली, वह शहर जहाँ भारत का पहला बारकैम्प हुआ था में अभी तक कोई ब्लॉगकैम्प नहीं हुआ है। बहरहाल, अब ऐसा नहीं रहेगा। इंडियन ब्लॉग एण्ड न्यू मीडिया सोसाईटी, दिल्ली ब्लॉग एण्ड न्यू मीडिया सोसाईटी के सहयोग से, आयोजित कर रही है दिल्ली का पहला ब्लॉगकैम्प। ब्लॉगकैम्प पर हम सब एकत्र होंगे और चर्चा करेंगे तथा एक दूसरे के विचार जानेंगे ब्लॉगिंग और उससे जुड़ी तकनीकों और चलन पर। ब्लॉगिंग से जुड़े विभिन्न आयामों, जैसे फोटो-ब्लॉगिंग वीडियो ब्लॉगिंग माइक्रो-ब्लॉगिंग ब्लॉग मार्केटिंग आदि, को कवर किया जाएगा। ब्लॉगिंग के बुनियादी/शुरुआती मुद्दों से लेकर भिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी मुद्दो पर वर्कशॉप होंगी।

ब्लॉगकैम्प अन्य सम्मेलनों से अलग होते हैं, ये असम्मेलन होते हैं। यहाँ आपको प्रेरित किया जाता है कि आप मात्र दर्शक न रहकर बराबर के भागीदार बनें और ब्लॉगकैम्प में सहयोग दें। आप कई तरीकों से ब्लॉगकैम्प में सहयोग दे सकते हैं:

  • ब्लॉगिंग से जुड़े किसी विषय पर वर्कशॉप/लेक्चर आदि कर के
  • किसी अन्य की वर्कशॉप/लेक्चर में सहयोग देकर
  • ब्लॉगकैम्प के बारे में अपने ब्लॉग पर लिख के
  • ब्लॉगकैम्प से लाइव ब्लॉगिंग कर के
  • आयोजन में अन्य प्रकार से मदद कर

यह एक मौका है ब्लॉगिंग से जुड़े अन्य लोगों से मिलने और ज्ञान तथा जानकारी का आदान प्रदान कर लाभ उठाने का।

कब कहाँ?

आने वाले शनिवार 24 मई 2008 को निम्न पते पर सुबह साढ़े नौ बजे (9:30 am) :

माइक्रोसॉफ़्ट कॉर्पोरेशन
पाँचवीं मंज़िल, इरोस टॉवर्स
नेहरू प्लेस, नई दिल्ली

Microsoft Corp
5th Floor, Eros Towers
Nehru Place, New Delhi

ब्लॉगकैम्प में भाग लेने के लिए कोई शुल्क नहीं है, इसके लिए माइक्रोसॉफ़्ट कॉर्पोरेशन को बहुत धन्यवाद और साधुवाद कि इसके आयोजन का खर्च वे उठा रहे हैं। :tup:

ब्लॉगकैम्प चलो!!

आप सभी सादर आमंत्रित हैं। ब्लॉगकैम्प के लिए आज ही रजिस्टर करें – http://wiki.ibnms.com/BlogCampDelhi
इंडियन ब्लॉग एण्ड न्यू मीडिया सोसाईटी की सदस्यता भी निशुल्क है – आज ही सदस्य बनें:tup:

इस ब्लॉगकैम्प का अपने-अपने ब्लॉग आदि द्वारा प्रचार कर और बड़ी संख्या में भाग लेकर इसको सफ़ल बनाएँ। यह हम सभी का ब्लॉगकैम्प है। :)


Pages: 12